दैनिक अयोध्या टाइम्स ब्यूरो
पीलीभीत।जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में तहसील सदर का सम्पूर्ण समाधान दिवस सम्पन्न हुआ। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 19 शिकायती प्रार्थना-पत्र प्राप्त हुये, जिसमें से मौके पर 04 शिकायतों का निस्तारण किया गया। प्राप्त शिकायतों के सम्बन्ध में संज्ञान लेते हुए कहा कि अधिकारी अपनी-अपनी विभागीय शिकायतों का गुणवत्ता परक ढंग से निस्तारण करें, अधिकारी स्वयं शिकायतकर्ता की शिकायतों के निस्तारण हेतु मौका मुआइना अवश्य करें और शिकायतकर्ता सहित दोनों पक्षों को बुलाकर शिकायतों का निस्तारण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी दोनों पक्षों को बुलाकर गुणवत्तापूर्ण शिकायतों का निस्तारण करायें तथा निस्तारण आख्या पोर्टल पर अपलोड करें। राजस्व सम्बन्धी मामलों में जहां पर पुलिस प्रशासन की आवश्यकता हो तो वहां पुलिस को साथ लेकर मौके पर निस्तारण कराया जाये।
इसके साथ ही जिलाधिकारी ने दैवीय आपदा (सर्पदंश) के अन्तर्गत नेम सिंह पुत्र पोथीराम ग्राम भानपुर व फूलमती पत्नी रामप्रसाद ग्राम भमौरा के परिजनों को आर्थिक सहायता राशि के चेक वितरित किए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार किसानों और आम जनमानस के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील है। किसी भी आपदा या दुर्घटना की स्थिति में प्रभावित परिवारों को समय से राहत पहुंचाना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। जिलाधिकारी ने दो मृतक खातेदारों की वरासत की खतौनी उनके वारिसों को प्रदान की। साथ ही जिलाधिकारी ने जनसुनवाई में आए शिकायतकर्ता को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के हेतु सम्बन्धित अधिकारी को निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, जिला विकास अधिकारी, उप जिलाधिकारी सदर श्रद्वा सिंह, तहसीलदार, अधिशासी अभियन्ता विद्युत, अधिशासी अभियन्ता लो0नि0वि0, खण्ड विकास अधिकारी, उप कृषि निदेशक, जिला समाज कल्याण अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।





