संवाददाता:- फरीद अहमद
किशनगंज/पौआखाली। ठाकुरगंज प्रखंड के पौआखाली थाना क्षेत्र के नगर बाजार स्थित एक किराना दुकान में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने दुकान के तीन ताले तोड़कर और लोहे की जंजीर काटकर अंदर प्रवेश किया तथा दुकान में रखी नकदी लेकर फरार हो गए।
दुकान से जुड़े मो. दुलारे ने बताया कि करीब 15 हजार रुपये से अधिक की नकदी गायब है। हालांकि दुकान में रखे अन्य सामान सुरक्षित मिले। घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पौआखाली थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाने के साथ प्रारंभिक जांच शुरू की।
घटना के बाद बाजार के व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। दुकानदारों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं समय-समय पर सामने आती रही हैं, इसलिए रात्रि गश्त को और प्रभावी बनाने तथा दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की आवश्यकता है।
लोगों का कहना है कि, कुछ दिन पहले गुदरी बाजार में भी एक दुकान में चोरी की वारदात हुई थी। वहीं, पूर्व में हुई कुछ घटनाओं की जांच के दौरान पुलिस ने यह भी संकेत दिया था कि नशे की लत के कारण कुछ लोग चोरी जैसी घटनाओं में शामिल पाए गए थे। समाचार लिखे जाने तक पीड़ित दुकानदार की ओर से थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी।





