
दैनिक अयोध्या टाइम्स फर्रुखाबाद
जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के नेतृत्व में आबकारी विभाग लगातार अभियान चला रहा है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर गुरुवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने अपनी टीम के साथ विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान देशी शराब की दुकानों अमेठी कोहना, नरकसा, सेंट्रल जेल चौराहा, सातनपुर कोटा क, सातनपुर कोटा ख, संगत गढ़ी कोहना, जेएनवी रोड, कठेरिया नगला, धंसुआ बेवर रोड एवं नेकपुर कलां के साथ ही कंपोजिट दुकानों कादरी गेट तिराहा, कादरी गेट ख, धंसुआ, हसनबाग और सातनपुर मंडी तथा मॉडल शॉप अमेठी कोहना एवं जिला जेल चौराहा का निरीक्षण किया गया।निरीक्षण के दौरान टीम ने दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की बारीकी से जांच की। इसके अलावा देशी शराब की दुकानों की कैंटीनों का भी सघन निरीक्षण किया गया। दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का मिलान अभिलेखों में दर्ज स्टॉक से किया गया। जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता ने संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने तथा शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शराब की बिक्री में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए जिला आबकारी अधिकारी के नेतृत्व में प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



