
दैनिक अयोध्या टाइम्स फर्रुखाबाद
जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए आबकारी विभाग ने प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के नेतृत्व में बुधवार को आबकारी विभाग की टीम ने विभिन्न शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया। अभियान के तहत आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह और आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-3 रीता वर्मा ने अपनी टीम के साथ देशी शराब, विदेशी मदिरा, बीयर की थोक एवं फुटकर दुकानों के साथ कंपोजिट दुकानों की जांच की। इस दौरान देशी शराब थोक दुकान सुनीता गुप्ता, विदेशी मदिरा थोक दुकान ईश्वरदास शिवानी एवं नंदनी देवी तथा बीयर थोक दुकान राजीव सिंह और ममता देवी के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। इसके अलावा ठंडी सड़क स्थित एक्सिस बैंक एवं घूंघट पैलेस के पास, चौसपुर क व ख, नगरिया देवघरा पुर, जीरागौर, गदनपुर देवराजपुर, महरूपुर बीजल, जहानगंज, रायपुर मौज और लाउवा नगला मानपट्टी स्थित देशी शराब दुकानों की जांच की गई। ठंडी सड़क, महरूपुर बीजल और जहानगंज की कंपोजिट दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर और उपलब्ध मदिरा का अभिलेखों से मिलान किया गया। साथ ही ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता की जांच की गई। देशी शराब दुकानों की कैंटीनों का भी सघन निरीक्षण किया गया। आबकारी अधिकारियों ने अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए गए। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



