रायबरेली ब्यूरो।। अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (AIIMS), रायबरेली के एनेस्थीसियोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर विभाग द्वारा आज समर्पित दर्द चिकित्सा ओपीडी (Pain Medicine OPD / Pain Clinic) का शुभारंभ किया गया। यह पहल तीव्र एवं दीर्घकालिक दर्द से पीड़ित रोगियों को विशेषज्ञ, समग्र एवं आधुनिक दर्द प्रबंधन सेवाएं प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

इस दर्द चिकित्सा ओपीडी का उद्घाटन प्रो. (डॉ.) अमिता जैन, कार्यकारी निदेशक महोदया के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर डॉ. प्रगति गर्ग (डीन परीक्षा), डॉ. अर्चना वर्मा (डीन अनुसंधान), कर्नल अखिलेश सिंह (उप निदेशक प्रशासन), डॉ. कुमार धर्मेन्द्र सिंह, उप चिकित्सा अधीक्षक), डॉ. जमील अब्दुल अलीम (विभागाध्यक्ष, एनेस्थीसियोलॉजी एवं क्रिटिकल केयर), डॉ गिरीश कुमार सिंह, एसोसिएट प्रोफेसर, एनेस्थीसियोलॉजी सहित संस्थान के वरिष्ठ अधिकारी, संकाय सदस्य, रेजिडेंट डॉक्टर, नर्सिंग अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
दर्द विश्वभर में विकलांगता एवं जीवन की गुणवत्ता में कमी का एक प्रमुख कारण है। कमर दर्द, गर्दन दर्द, कैंसर जनित दर्द, नसों का दर्द (Neuropathic Pain), जोड़ों एवं मांसपेशियों का दर्द तथा ऑपरेशन के बाद लंबे समय तक बने रहने वाले दर्द जैसी समस्याओं से अनेक रोगी प्रभावित होते हैं।
इस ओपीडी में निम्नलिखित सेवाएं उपलब्ध होंगी—
- दीर्घकालिक कमर एवं गर्दन दर्द का मूल्यांकन एवं उपचार
- कैंसर जनित दर्द प्रबंधन
- न्यूरोपैथिक दर्द का उपचार
- जोड़ों एवं मांसपेशियों के दर्द का प्रबंधन
- पेलिएटिव केयर में दर्द नियंत्रण
- पोस्ट-सर्जिकल एवं पोस्ट-ट्रॉमेटिक दर्द का उपचार
- जटिल एवं दीर्घकालिक दर्द रोगियों का समग्र मूल्यांकन
इसके अतिरिक्त निम्न उन्नत दर्द निवारक तकनीकें एवं प्रक्रियाएं उपलब्ध कराई जाएंगी— - अल्ट्रासाउंड एवं C-Arm निर्देशित दर्द निवारक प्रक्रियाएं
- रेडियोफ्रीक्वेंसी एब्लेशन (RFA)
- मिनिमली इनवेसिव पेन एंड स्पाइन इंटरवेंशन्स (MIPSI)
- पुनर्योजी चिकित्सा (Regenerative Therapy) जैसे PRP, GFC एवं BMAC
- बहुआयामी औषधीय एवं पुनर्वास आधारित दर्द प्रबंधन
इस अवसर पर कार्यकारी निदेशक प्रो. (डॉ.) अमिता जैन ने कहा कि समर्पित दर्द चिकित्सा सेवाओं की स्थापना से रोगियों को बेहतर, सुलभ एवं गुणवत्तापूर्ण उपचार उपलब्ध होगा तथा उनके जीवन की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार आएगा। उन्होंने इस पहल को संस्थान में रोगी-केंद्रित एवं सुपरस्पेशियलिटी सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
एनेस्थीसियोलॉजी विभाग से एसोसिएट प्रोफेसर, डॉ. गिरीश कुमार सिंह, एमडी डीएम (दर्द चिकित्सा) ने बताया कि दीर्घकालिक दर्द को आज एक स्वतंत्र रोग के रूप में मान्यता प्राप्त है तथा इसके लिए विशेष मूल्यांकन एवं उपचार की आवश्यकता होती है। यह नई ओपीडी रोगियों को वैज्ञानिक, साक्ष्य-आधारित एवं करुणामय दर्द प्रबंधन सेवाएं प्रदान करेगी।
दर्द चिकित्सा ओपीडी में नियमित रोगी सेवाएं 23 जून 2026 से प्रारंभ होंगी। यह ओपीडी सप्ताह में तीन दिन संचालित की जाएगी।
ओपीडी दिवस
मंगलवार एवं शुक्रवार
- डॉ. गिरीश कुमार सिंह
- डॉ. अनिल कुमार
बुधवार
- डॉ. जमील अब्दुल अलीम
- डॉ. अदाबला विजय बाबू
यह विशेष ओपीडी रायबरेली एवं आसपास के जनपदों के रोगियों को आधुनिक, सुरक्षित एवं प्रभावी दर्द प्रबंधन सेवाएं उपलब्ध कराएगी। इससे दीर्घकालिक दर्द से पीड़ित रोगियों को विशेषज्ञ परामर्श, उन्नत इंटरवेंशनल प्रक्रियाएं तथा समग्र उपचार एक ही स्थान पर उपलब्ध हो सकेगा, जिससे उनके जीवन की गुणवत्ता में सुधार होगा।
एम्स रायबरेली में दर्द चिकित्सा ओपीडी का शुभारंभ संस्थान की रोगी-केंद्रित, बहुविषयक एवं सुपरस्पेशियलिटी स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा यह पूर्वांचल क्षेत्र में दर्द चिकित्सा सेवाओं के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगा।
“दर्द से राहत, जीवन में फिर से मुस्कान”






