रायबरेली ब्यूरो।। कांग्रेस सांसद एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर कथित अभद्र टिप्पणी के विरोध में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव सुशील पासी के नेतृत्व में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने धरना देकर नारेबाजी की और प्रशासन से मामले में निष्पक्ष कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान सुशील पासी ने आरोप लगाया कि एक दिन पहले भाजपा के धरना-प्रदर्शन के दौरान, उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह की मौजूदगी में भाजपा जिलाध्यक्ष बुद्धी लाल पासी ने राहुल गांधी के खिलाफ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया। कांग्रेस नेताओं ने इसे लोकतांत्रिक परंपराओं और राजनीतिक मर्यादाओं के विपरीत बताते हुए कहा कि सार्वजनिक जीवन में इस तरह की टिप्पणी उचित नहीं है।

सुशील पासी ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है और विपक्ष की आवाज को दबाने की कोशिश की जा रही है। प्रदर्शन के बाद कांग्रेसियों ने जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा कथित अभद्र टिप्पणी करने वालों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई की मांग की। सुशील पासी ने चेतावनी दी कि यदि पुलिस इस मामले में एफआईआर दर्ज कर भाजपा जिलाध्यक्ष के खिलाफ उचित कार्रवाई नहीं करती है तो कांग्रेस जिलेभर में व्यापक आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से अपना विरोध जारी रखेगी और इस मुद्दे को लेकर आगे भी संघर्ष करेगी।विरोध प्रदर्शन में मो उमर, अज़मल खान, शामिद अशरफ, शितांशु मौर्या, देश राज यादव,वीरेंद्र यादव, रोहित पासी, बृजेश पासी, सुनील सर, हनोमान अम्बेडकर, चाँद भाई, ज़ुबैर भाई आदि शामिल रहे।




