
दैनिक अयोध्या टाइम्स फर्रुखाबाद
गंगा नदी को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने जनपद में पहुंचकर नालों का स्थलीय निरीक्षण किया। टीम ने गंगा में सीधे गिर रहे नालों के माध्यम से पहुंच रहे दूषित पानी को रोकने के लिए संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी की अध्यक्षता में फतेहगढ़ स्थित कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन, नई दिल्ली के उपनिदेशक नलिन कुमार श्रीवास्तव एवं उनकी टीम ने जनपद में गंगा नदी में गिरने वाले नालों की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान नालों के दूषित पानी को गंगा में पहुंचने से रोकने के लिए तकनीकी और व्यवहारिक विकल्पों पर चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि गंगा में सीधे गिरने वाले सभी नालों को चिन्हित कर उनकी वर्तमान स्थिति का विस्तृत विवरण तैयार किया जाए। किसी भी स्थिति में बिना उपचारित गंदा पानी गंगा में नहीं पहुंचना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी और समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर कार्रवाई सुनिश्चित करें। बैठक के बाद राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने विकासखंड बढ़पुर के ग्राम सोता बहादुरपुर पहुंचकर गंगा में गिर रहे नालों का निरीक्षण किया। टीम ने नालों के निकास स्थलों और गंगा तक पहुंच रहे दूषित पानी की स्थिति देखी। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि ग्राम पंचायत स्तर पर नालों के पानी को गंगा में पहुंचने से पहले रोकने के लिए फिल्टर चैंबर बनाए जाएं। साथ ही अन्य नालों को भी चिन्हित कर उनके दूषित पानी के उचित उपचार और निस्तारण की व्यवस्था की जाए।टीम ने फतेहगढ़ स्थित 17 एमएलडी क्षमता के सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) का भी निरीक्षण किया और उसकी कार्यप्रणाली तथा उपलब्ध व्यवस्थाओं की जानकारी ली। राष्ट्रीय स्वच्छ गंगा मिशन की टीम ने स्पष्ट किया कि गंगा को स्वच्छ एवं निर्मल बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य करें और नालों के दूषित पानी का उचित प्रबंधन सुनिश्चित करें। निरीक्षण के दौरान प्रभागीय निदेशक राजीव कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी अवनीश कुमार, जल निगम कानपुर की गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के परियोजना अभियंता मोहित चक, जिला परियोजना अधिकारी निहारिका पटेल, जल निगम शहरी के विपुल कुमार सहित खंड विकास अधिकारी, एडीओ पंचायत, ग्राम पंचायत सचिव एवं अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।



