
राहुल सिंह राठौर ब्यूरो चीफ़ दैनिक अयोध्या टाइम्स फर्रुखाबाद
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत 20 नवंबर को क्रिश्चियन इंटर कॉलेज फर्रुखाबाद में जनपद स्तरीय सामूहिक विवाह सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। सम्मेलन की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यक्रम को भव्य, सुव्यवस्थित और गरिमामय ढंग से संपन्न कराया जाए। जिन अधिकारियों को जिस कार्य की जिम्मेदारी सौंपी गई है, वे समय रहते सभी तैयारियां पूरी करें और कार्यक्रम के दिन स्वयं आयोजन स्थल पर मौजूद रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करें।जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना शासन की महत्वपूर्ण जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल है। इसका उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों की बेटियों का विवाह सम्मानपूर्वक संपन्न कराना है। उन्होंने आयोजन स्थल पर साफ-सफाई, पेयजल, बिजली, बैठने, टेंट, मंच, भोजन, पार्किंग, सुरक्षा और चिकित्सा संबंधी व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। वर-वधू और उनके परिजनों की सुविधा एवं सम्मान का विशेष ध्यान रखने को भी कहा। साथ ही सभी लाभार्थियों के आवेदन पत्रों और अभिलेखों का नियमानुसार सत्यापन कर पात्रों की सूची तैयार करने तथा उन्हें समय से सूचना उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में शासन की ओर से जनपद को 703 जोड़ों के विवाह का लक्ष्य आवंटित किया गया है। इसके सापेक्ष अब तक 908 जोड़ों ने ऑनलाइन आवेदन किया है। प्रथम चरण में लगभग 375 पात्र जोड़ों का सामूहिक विवाह कराया जाएगा। विवाह शासन के निर्धारित मानकों के अनुसार सामाजिक रीति-रिवाजों और पूर्ण गरिमा के साथ संपन्न कराए जाएंगे। जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते हुए आयोजन को सफल बनाने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, जिला विकास अधिकारी श्याम कुमार तिवारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी शालिनी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।



