
दैनिक अयोध्या टाइम्स फर्रुखाबाद
आगामी विधानसभा सामान्य निर्वाचन-2027 को सकुशल, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक एवं नोडल अधिकारी निर्वाचन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक कर चुनावी तैयारियों की समीक्षा की तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में एलओआर एवं चुनाव रजिस्टर को अद्यतन रखने, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (सीएपीएफ) एवं पुलिस बल के ठहरने के लिए पर्याप्त आवासीय व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, चुनाव के दौरान अशांति फैलाने की आशंका वाले अराजक तत्वों (ट्रबल मेकर्स) को चिह्नित कर उनके विरुद्ध प्रभावी निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही निर्वाचन से संबंधित सूचनाएं एवं रिपोर्ट निर्धारित समयसीमा में प्रेषित करने पर विशेष जोर दिया गया। अपर पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निर्वाचन संबंधी सभी तैयारियां समय से पूरी कर ली जाएं, जिससे विधानसभा चुनाव को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।




