बलौदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई मोटरसाइकिल चोरी का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार - ₹5,000 करोड़ की बड़ी पेशकश, 22 जुलाई से निवेशकों के लिए खुलेगा क्यूब हाईवेज़ ट्रस्ट - रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाई) का आरेडिका एवं फोर्ज्ड व्हील प्लांट में दौरा - वर्तमान की मांग है पर्यावरण संरक्षण - गुनेन्द्र प्रकाश - सोशल मीडिया पर दोस्ती कर महिला से ठगी अश्लील फोटो विडियो से ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तारबलौदा पुलिस की बड़ी कार्रवाई मोटरसाइकिल चोरी का आरोपी 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार - ₹5,000 करोड़ की बड़ी पेशकश, 22 जुलाई से निवेशकों के लिए खुलेगा क्यूब हाईवेज़ ट्रस्ट - रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाई) का आरेडिका एवं फोर्ज्ड व्हील प्लांट में दौरा - वर्तमान की मांग है पर्यावरण संरक्षण - गुनेन्द्र प्रकाश - सोशल मीडिया पर दोस्ती कर महिला से ठगी अश्लील फोटो विडियो से ब्लैकमेल करने वाला आरोपी गिरफ्तार

रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाई) का आरेडिका एवं फोर्ज्ड व्हील प्लांट में दौरा

फोर्ज्ड व्हील प्लांट का रेल मंत्रालय के अधीन संचालन भारतीय रेल की आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है- सुनील कुमार

EDITED BY: DAT BUREAU

UPDATED: Wednesday, July 15, 2026

रायबरेली ब्यूरो।। रेलवे बोर्ड के अपर सदस्य (उत्पादन इकाई) सुनील कुमार ने आधुनिक रेल डिब्बा कारखाना (आरेडिका) एवं फोर्ज्ड व्हील प्लांट (एफडब्ल्यूपी), रायबरेली का दौरा कर कोच एवं फोर्ज्ड व्हील उत्पादन की प्रगति, गुणवत्ता मानकों तथा उत्पादन क्षमता विस्तार से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने महाप्रबंधक रामन कृष्णन तथा वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर उत्पादन, गुणवत्ता, प्रौद्योगिकी उन्नयन एवं भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप क्षमता विकास पर विस्तृत विचार-विमर्श किया।

अपर सदस्य सुनील कुमार ने आरेडिका, रायबरेली के आवासीय परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित विकास का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण प्रकृति के प्रति हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है तथा स्वच्छ एवं हरित पर्यावरण के निर्माण में प्रत्येक व्यक्ति की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया। निरीक्षण के दौरान अपर सदस्य ने शेल शॉप, बोगी शॉप, व्हील शॉप, फिनिशिंग शॉप तथा फोर्ज्ड व्हील प्लांट का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने दीनदयालु, एसी-3 टियर, स्लीपर, जनरल श्रेणी आदि के कोचों के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कच्चे माल की प्राप्ति से लेकर फोर्ज्ड व्हीलों के निर्माण, मशीनिंग, परीक्षण एवं गुणवत्ता की संपूर्ण प्रक्रिया का अवलोकन किया तथा आधुनिक मशीनों एवं उत्पादन प्रणालियों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने गुणवत्ता एवं उत्पादकता में सतत सुधार के लिए आवश्यक सुझाव दिए।

अपर सदस्य ने कहा कि फोर्ज्ड व्हील प्लांट का रेल मंत्रालय के अधीन संचालन भारतीय रेल की आत्मनिर्भरता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि देश में उच्च गुणवत्ता वाले फोर्ज्ड व्हीलों के स्वदेशी निर्माण से आयात पर निर्भरता में कमी आएगी, रेल पहियों की आपूर्ति श्रृंखला अधिक सुदृढ़ होगी तथा भारतीय रेल की उत्पादन क्षमता और परिचालन दक्षता को नई गति मिलेगी।

उन्होंने अधिकारियों को भविष्य में फोर्ज्ड व्हीलों की बढ़ती मांग को ध्यान में रखते हुए उत्पादन क्षमता के विस्तार, आधारभूत संरचना के विकास, अत्याधुनिक प्रौद्योगिकी के समुचित उपयोग तथा गुणवत्ता मानकों के कठोर अनुपालन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। साथ ही उत्पादन प्रक्रिया में दक्षता, नवाचार एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।आरेडिका के कर्मचारी यूनियनों एवं एसोसिएशनों   के प्रतिनिधियों ने अपर सदस्य महोदय के साथ मुलाकात की एवं कर्मचारी सुविधाओं से संबंधित विचार विमर्श किया। दौरे के दौरान अपर सदस्य ने विभिन्न शॉपों में कार्यरत कर्मचारियों से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली एवं मशीन संचालन की जानकारी भी प्राप्त की।

इस अवसर पर प्रधान मुख्य यांत्रिक अभियंता विवेक खरे, प्रधान मुख्य विद्युत अभियंता मनोज कुमार जिंदल, प्रधान मुख्य कार्मिक अधिकारी रूपेश श्रीवास्तव, प्रधान मुख्य सामग्री प्रबंधक वी. के. पाठक, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी रवीश कुमार, प्रधान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डाॅ. आभा जैन, मुख्य सतर्कता अधिकारी महेश सिंह, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त रमेश चन्द्र सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

खबरें और भी

उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिले