पीलीभीत।पूरनपुर में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने अल्ट्रासाउंड व पैथोलॉजी लैबों पर छापेमारी कर अनियमितताओं का बड़ा खुलासा किया। बिना डॉक्टर जांच किए जाने पर दो सेंटर सीज कर दिए गए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आलोक शर्मा के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने पूरनपुर नगर में संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटरों और पैथोलॉजी लैबों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कई स्थानों पर गंभीर अनियमितताएं सामने आईं।
छापेमारी टीम का नेतृत्व डॉ. मनीष राज शर्मा ने किया।
उनके साथ नायब तहसीलदार ऋषि दीक्षित और क्षेत्रीय पुलिस बल भी मौजूद रहा। टीम ने उत्तम अल्ट्रासाउंड एंड पैथोलॉजी लैब, बालाजी अल्ट्रासाउंड सेंटर, ग्लोबल सेठ अल्ट्रासाउंड सेंटर और आरोग्य अल्ट्रासाउंड सेंटर की जांच की।जांच के दौरान उत्तम और बालाजी अल्ट्रासाउंड सेंटर पर डॉक्टर तो मौजूद मिले, लेकिन वहां बैठे कुछ मरीजों का अल्ट्रासाउंड टेक्नीशियन द्वारा किए जाने की पुष्टि हुई। यह गंभीर लापरवाही पाए जाने पर दोनों सेंटरों को तत्काल प्रभाव से सीज कर दिया गया।वहीं, आरोग्य अल्ट्रासाउंड सेंटर बंद पाया गया, जिस पर विभाग ने नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है। दूसरी ओर ग्लोबल सेठ अल्ट्रासाउंड सेंटर पर डॉक्टरों की मौजूदगी पाई गई और वहां कार्य व्यवस्थित मिला।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जिले में लगातार बिना योग्य डॉक्टरों के अल्ट्रासाउंड और पैथोलॉजी सेवाएं संचालित किए जाने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते यह कार्रवाई की गई है।
अधिकारियों का कहना है कि जांच की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को भेजी जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ आगे की कड़ी कार्रवाई भी की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने साफ किया है कि बिना डॉक्टर के जांच करना कानूनन अपराध है और इस तरह की लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। आगे भी ऐसे छापेमारी अभियान जारी रहेंगे।






