
दैनिक अयोध्या टाइम्स फर्रुखाबाद
जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग का प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। आबकारी आयुक्त, उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता के नेतृत्व में शुक्रवार को आबकारी विभाग की टीम ने विभिन्न शराब दुकानों का औचक निरीक्षण किया।इसी क्रम में आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने अपनी टीम के साथ देशी शराब दुकान शुक्रुल्लापुर, सुल्तानपुर, कादर दादपुर सराय, कटिया फाटक, कमरुद्दीन नगर, जिनौल, सिवारा खास, राई चिन्हटपुर, इकलहरा, पुरौरी, पैथान, ढमढेरा, बिराहिमपुर जागीर तथा भटासा कम्पोजिट दुकान सहित विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों की जांच की।निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से होने वाली बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का बारीकी से परीक्षण किया गया। इसके साथ ही देशी शराब दुकानों की कैंटीन की भी सघन जांच की गई। टीम ने दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का मिलान अभिलेखों से किया और अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए।आबकारी निरीक्षक ने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का उल्लंघन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। दुकानदारों को चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और अवैध मदिरा के कारोबार में संलिप्त लोगों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
जिला आबकारी अधिकारी जी.पी. गुप्ता ने बताया कि जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



