दैनिक अयोध्या टाइम्स फर्रुखाबाद


खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जांच अभियान चलाया गया। खाद्य सुरक्षा अधिकारी जावेद अख्तर ने बदनपुर और जमापुर चौराहे पर दुकानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की। इस दौरान बदनपुर स्थित अभय प्रताप सिंह की किराना दुकान से सरसों के तेल का नमूना संग्रहित किया गया। इसके बाद जमापुर चौराहे पर स्थित गायत्री मिष्ठान भंडार पर जांच की गई। यहां दुकान संचालक धर्मवीर सक्सेना की दुकान से मिल्क केक का नमूना लिया गया। मिल्क केक के निर्माण और आपूर्ति के संबंध में जानकारी मांगने पर दुकानदार यह स्पष्ट नहीं कर सके कि मिठाई कहां तैयार की जाती है और इसका निर्माता कौन है। दुकानदार ने बताया कि कोई बाहरी व्यक्ति मिल्क केक बनाकर दुकान पर आपूर्ति करता है। निर्माण स्थल और निर्माता की जानकारी स्पष्ट नहीं होने पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने मिल्क केक का नमूना लेकर जांच के लिए सुरक्षित किया।जांच के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने दोनों दुकानों पर खाद्य पदार्थों के रखरखाव और साफ-सफाई की स्थिति भी परखी। उन्होंने दुकानदारों को खाद्य सामग्री स्वच्छ स्थान पर व्यवस्थित ढंग से रखने तथा दुकानों में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही खाद्य पदार्थों के उचित रखरखाव की व्यवस्था दुरुस्त करने को कहा, जिससे उनकी गुणवत्ता और शुद्धता प्रभावित न हो।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी जावेद अख्तर ने बताया कि बदनपुर की किराना दुकान से सरसों के तेल और जमापुर चौराहे स्थित गायत्री मिष्ठान भंडार से मिल्क केक का नमूना लिया गया है। दोनों नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद गुणवत्ता के आधार पर नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।



