
डीएम का आदेश भी बेअसर? महीनों से फाइलों में कैद नगर पालिका की जांच ने खड़े किए सवाल, क्या कानून और प्रशासनिक आदेश से बड़ा हो गया रसूख?
कुशीनगर। एक तरफ आम आदमी से कानून के पालन की अपेक्षा की जाती है, वहीं दूसरी तरफ जब सरकारी आदेशों के अनुपालन का सवाल आता है तो महीनों तक फाइलें धूल फांकती नजर आती हैं। आखिर कुशीनगर में यह हो क्या रहा है? क्या प्रशासनिक आदेशों की भी कोई अहमियत नहीं रह गई है? क्या रसूख के आगे सरकारी मशीनरी की रफ्तार थम जाती है?जिलाधिकारी महोदय! जरा इधर भी नजर घुमाइए। नगर पालिका परिषद कुशीनगर की 11 बिंदुओं वाली जांच का मामला आपके संज्ञान में लाने की जरूरत इसलिए पड़ रही है, क्योंकि तत्कालीन जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के आदेश के बावजूद जांच का परिणाम अब तक सामने नहीं आया है। एक सप्ताह में रिपोर्ट देने का निर्देश था, लेकिन महीनों गुजर गए। जांच अधिकारी का स्थानांतरण हुआ और उसके बाद पूरी जांच ही सवालों के घेरे में आ गई।आखिर इस देरी की वजह क्या है? क्या किसी अधिकारी के स्थानांतरण से जिलाधिकारी का आदेश भी ठहर जाता है? या फिर इस जांच को आगे बढ़ाने में कोई ऐसी बाधा है, जिसके कारण प्रशासनिक अधिकारी भी खामोशी साधे हुए हैं?
डीएम के आदेश के बाद भी जांच का अंजाम क्यों नहीं?
नगर पालिका के कामकाज को लेकर तत्कालीन एसडीएम विवेक मिश्रा के निरीक्षण के बाद विवाद सामने आया था। इसके बाद तत्कालीन जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने 11 बिंदुओं पर जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित कर एक सप्ताह में रिपोर्ट मांगी थी।जांच में वित्तीय लेन-देन, सरकारी निर्माण कार्यों, सामग्री खरीद, विद्युत उपकरणों की खरीदारी, विकास कार्यों की गुणवत्ता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की पड़ताल होनी थी। जांच शुरू हुई, लेकिन एसडीएम के स्थानांतरण के बाद इसकी प्रगति स्पष्ट नहीं हो सकी।अब ज्वाइंट मजिस्ट्रेट के कार्यभार संभाले भी दो महीने से अधिक समय बीत चुका है। इसके बावजूद जांच की स्थिति को लेकर सार्वजनिक रूप से कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।
आखिर किसके दबाव में है प्रशासन? सवालों के घेरे में रसूख…
नगर पालिका अध्यक्ष किरन जायसवाल के पति राकेश जायसवाल की नगर पालिका के सरकारी कार्यों में कथित सक्रिय भूमिका को लेकर भी सवाल उठते रहे हैं। निर्माण कार्यों के निरीक्षण, अधिकारियों के साथ बैठकों और कार्यालय में उनकी मौजूदगी को लेकर उनकी प्रशासनिक भूमिका के वैधानिक आधार पर सवाल किए जा रहे हैं।क्या किसी गैर-निर्वाचित व्यक्ति को नगर पालिका के प्रशासनिक कामकाज में इस तरह की भूमिका निभाने का अधिकार है? यदि है तो उसका आधार क्या है? और यदि नहीं, तो अब तक इस पहलू की जांच क्यों नहीं हुई?यह सवाल किसी व्यक्ति विशेष के प्रभाव का फैसला सुनाने का नहीं, बल्कि सरकारी व्यवस्था में नियमों और अधिकारों की सीमा स्पष्ट करने का है।
जनता पूछ रही है- आदेश बड़ा या रसूख?
जिन 11 बिंदुओं पर जांच होनी थी, उनकी रिपोर्ट कहां है? क्या सरकारी निर्माण कार्यों की गुणवत्ता की जांच हुई? क्या खरीदारी और भुगतान के अभिलेख खंगाले गए? क्या जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांगा गया? यदि जांच पूरी हो चुकी है तो कार्रवाई की स्थिति क्या है?इन सवालों का जवाब मिलना जरूरी है। क्योंकि जांच का आदेश देना ही पर्याप्त नहीं, उसका निष्पक्ष निष्कर्ष सामने आना भी प्रशासन की जिम्मेदारी है।
जिलाधिकारी महोदय, अब जवाबदेही तय होनी चाहिए!
कुशीनगर के वर्तमान जिलाधिकारी संजय चौहान से अपेक्षा है कि वे इस प्रकरण का संज्ञान लेकर लंबित जांच की वास्तविक स्थिति स्पष्ट कराएं। जांच किस स्तर पर रुकी है, अब तक क्या कार्रवाई हुई और देरी के लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जानकारी सार्वजनिक होनी चाहिए।आखिर कब तक सरकारी आदेश फाइलों में कैद रहेंगे? कब तक जांच की मांग करने वाले जवाब का इंतजार करेंगे? और सबसे बड़ा सवाल- क्या कुशीनगर में कानून और प्रशासनिक नियम सबके लिए बराबर हैं, या रसूख के हिसाब से कार्रवाई की रफ्तार तय होती है?अब देखना यह है कि जिलाधिकारी महोदय इस मामले में क्या कदम उठाते हैं।



