
दैनिक अयोध्या टाइम्स फर्रुखाबाद
कंपिल थाना क्षेत्र के ग्रासपुर गांव में ट्रक खरीदने की खुशी में आयोजित दावत का खाना खाने से करीब 13 से 15 बच्चे बीमार पड़ गए। इसके अलावा कई महिलाओं की भी तबीयत बिगड़ गई। एक साथ कई लोगों के बीमार होने से गांव में हड़कंप मच गया। सभी को निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार दिलाया गया, जिसके बाद उन्हें घर भेज दिया गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी मोर सिंह ने नया ट्रक खरीदा था। इसी खुशी में शुक्रवार को गांव में दावत का आयोजन किया गया था। दावत में पूड़ी और कद्दू की सब्जी सहित अन्य पकवान परोसे गए। खाना खाने के कुछ समय बाद शिल्पी पुत्री कालीचरण, प्रांशी पुत्री रामनिवास, बबली, वेवी पुत्री सुरेश, आयुष पुत्र प्रदीप, अंकित पुत्र कुलदीप, ममता पत्नी आकाश और अंजली पत्नी जगदीश समेत कई बच्चे और महिलाएं बीमार हो गईं। अचानक लोगों की तबीयत बिगड़ने से गांव में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
मामले की जानकारी मिलने पर खाद्य विभाग के खाद्य सुरक्षा अधिकारी जावेद अख्तर शनिवार को टीम के साथ गांव पहुंचे। उन्होंने दावत में परोसी गई पूड़ी, तैयार कद्दू की सब्जी और खाना बनाने में इस्तेमाल किए गए तेल के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे। खाद्य सुरक्षा अधिकारी की इस कार्रवाई से दावत में इस्तेमाल खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता जांच के दायरे में आ गई है। अब जांच रिपोर्ट से ही स्पष्ट हो सकेगा कि खाद्य पदार्थों में मिलावट, खराब गुणवत्ता या किसी अन्य कारण से लोगों की तबीयत बिगड़ी।
थाना प्रभारी नितिन कुमार ने बताया कि दावत का खाना खाने के बाद कुछ बच्चों की तबीयत खराब हुई थी। सभी को निजी क्लीनिक में प्राथमिक उपचार दिलाने के बाद घर भेज दिया गया। वहीं सीओ अजय वर्मा ने भी बताया कि बच्चों को निजी क्लीनिक में उपचार दिया गया था। खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही बीमारी के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी।



