पूरनपुर/पीलीभीत:समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार ‘राजू’ ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के नाम पर प्रपत्र-7 के जरिए सुनियोजित तरीके से मतदाताओं के वोट काटने की साजिश का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने जिला निर्वाचन अधिकारी, पीलीभीत को भेजी गई शिकायत में कहा कि पूरनपुर क्षेत्र के अनेक बूथों पर बड़ी संख्या में ऐसे प्रपत्र-7 भरे पाए गए जिनके बारे में स्वयं तथाकथित आपत्तिकर्ताओं को कोई जानकारी ही नहीं है।
सपा नेता राजकुमार ‘राजू’ ने कहा कि यह लोकतंत्र पर सीधा हमला है और फर्जी हस्ताक्षरों व दबाव के माध्यम से मताधिकार छीनने की कोशिश बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर एक ही ढर्रे पर फार्म तैयार कराकर मतदाताओं के अधिकारों के साथ खिलवाड़ किया गया, जो निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है।उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सभी संदिग्ध प्रपत्र तत्काल निरस्त किए जाएं, दोषी अधिकारियों-कर्मचारियों और साजिश में शामिल लोगों पर एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कराई जाए।
राजकुमार ‘राजू’ ने चेतावनी देते हुए कहा कि मतदाता सूची से छेड़छाड़ की किसी भी कोशिश को समाजवादी कार्यकर्ता बर्दाश्त नहीं करेंगे और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष किया जाएगा ।इस दौरान प्रमुख रूप से पूर्व विधायक अरशद खान,पूर्व जिलाध्यक्ष उमाशंकर यादव,विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष संजय सिंह यादव,सछास के पूर्व प्रदेश सचिव नोमान अली वारसी,वरिष्ठ सपा नेता ओम शर्मा,युवा नेता संजय खान,नाबीर अली मंसूरी,बसंत भारती सहित सैकड़ो की संख्या मे सपा कार्यकर्ताओं की उपस्तिथि रही।




