दैनिक अयोध्या टाइम्स फर्रुखाबाद

छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क रहा। इसी क्रम में अपर जिलाधिकारी फर्रुखाबाद एवं अपर पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ ने थाना कादरीगेट क्षेत्रांतर्गत पांचाल घाट पहुंचकर सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने घाट परिसर का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए की गई व्यवस्थाओं को परखा। इस दौरान उन्होंने घाट पर मौजूद पुलिस बल की तैनाती, भीड़ नियंत्रण तथा सुरक्षा संबंधी इंतजामों का जायजा लिया। अधिकारियों ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि छठ पूजा के दौरान घाट पर लगातार निगरानी रखी जाए और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था उत्पन्न न होने दी जाए। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी संबंधित कर्मचारी पूरी मुस्तैदी और जिम्मेदारी के साथ अपनी ड्यूटी का निर्वहन करें। साथ ही भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां बनाए रखने के निर्देश दिए गए। प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जाएगी।



