अमान खान ब्यूरो चीफ सोनभद्र। ओबरा थाना क्षेत्र के गिरधर सीमेंट्स लिमिटेड परिसर में हुए चर्चित हत्याकांड का पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने सफल अनावरण कर दिया है। पुलिस ने छत्तीसगढ़ निवासी एक अभियुक्त को गिरफ्तार कर उसके पास से लूटे गए उपकरण और नगदी बरामद कर ली है।
क्या थी घटना?
7/8 फरवरी की रात गिरधर सीमेंट्स के संचालक के चाचा विष्णु हरि उपाध्याय की अज्ञात हमलावर ने पत्थर से सिर पर वार कर निर्मम हत्या कर दी थी। हत्या के बाद आरोपी ने कार्यालय की दराज से ₹6500 और मृतक का मोबाइल लूट लिया था। पहचान छिपाने के लिए उसने सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया और मॉनिटर व प्रिंटर नाले में फेंक दिए थे।
ऐसे चढ़ा पुलिस के हत्थे
पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के निर्देशन में गठित टीम ने 12/13 फरवरी की रात मुखबिर की सूचना पर बग्घा नाला ओवरब्रिज के पास से घेराबंदी कर श्रवन सिंह उर्फ श्रवण गोंड को गिरफ्तार किया। वह छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले का निवासी है।
पूछताछ में खुला राज
अभियुक्त ने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि वह उक्त कंपनी में 2 साल तक मिस्त्री था। नौकरी से निकाले जाने और मृतक द्वारा की गई डांट-फटकार से वह रंजिश रखता था, जिसका बदला लेने के लिए उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
बरामदगी का विवरण
- उपकरण: नाले से एक एचपी प्रिंटर और लेनोवो मॉनिटर बरामद।
- सामान: मृतक का नोकिया मोबाइल, ₹5000 नगद और एक सफेद धातु का कड़ा जो सीसीटीवी फुटेज से मेल खाता है।






