सोनभद्र (अमान खान ब्यूरो चीफ)। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने गुरुवार को स्वर्ण जयंती चौक पर प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा पेश किए गए बजट के खिलाफ अनोखा प्रदर्शन किया। सपाईयों ने आसमान में काले गुब्बारे उड़ाकर इसे ‘हवा-हवाई’ और ‘जनविरोधी’ बजट करार देते हुए भाजपा की विदाई का बजट बताया।
धरातल से गायब है बजट: सपा
प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहे सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि यह भाजपा सरकार का आखिरी बजट है। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल कागजों और आसमान में उड़ रहा है, धरातल पर इसका कोई अस्तित्व नहीं है। आज किसान और नौजवान बेहाल हैं, नौकरियां गायब हैं और सरकार जनता के साथ केवल ‘कपट लीला’ कर रही है।
सोनभद्र की उपेक्षा का आरोप
सपा नेताओं ने आरोप लगाया कि इस बजट में सोनभद्र जनपद को पूरी तरह नजरअंदाज किया गया है। प्रमोद यादव ने कहा कि सपा सरकार में जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में बनाए गए ट्रामा सेंटर और बर्न यूनिट आज बंद पड़े हैं। संविदा पर दी जा रही नौकरियों को उन्होंने दुर्भाग्यपूर्ण बताया और कहा कि भाजपा का हर साल दो करोड़ नौकरी देने का वादा पूरी तरह जुमला साबित हुआ है।
ये रहे मौजूद
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान सपा नेता मनीष त्रिपाठी, सुरेश अग्रहरी, फरीद अंसारी, दीपक भारती, जुनैद अंसारी, अरविंद पटेल, मुन्ना कुशवाहा, अर्जुन खरवार सहित भारी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।







