संवाददाता:-फरीद अहमद
किशनगंज। ठाकुरगंज क्षेत्र में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण उत्पन्न बाढ़ की स्थिति के बीच सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक सफल राहत एवं बचाव अभियान चलाया। बाढ़ से प्रभावित सीमा चौकी बक्सरवीटा में फंसे जवानों, हथियारों तथा अन्य सरकारी संसाधनों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीते दिनों लगातार मूसलाधार वर्षा के कारण बक्सरवीटा सीमा चौकी के आसपास जलस्तर तेजी से बढ़ गया। हालात को देखते हुए चौकी पर तैनात सुरक्षा बलों और महत्वपूर्ण सरकारी सामग्री की सुरक्षा चुनौती बन गई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसएसबी के अधिकारियों ने तत्काल राहत एवं बचाव दल को सक्रिय किया। उप कमांडेंट (प्रचालन) बिनोद कुमार दास के नेतृत्व में प्रशिक्षित जवानों की टीम ने प्रभावित क्षेत्र में पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। कठिन परिस्थितियों के बावजूद टीम ने समन्वित तरीके से अभियान चलाते हुए चौकी में मौजूद सरकारी भंडार, हथियार और गोला-बारूद को सुरक्षित बाहर निकाला।
अभियान के दौरान सीमा चौकी पर तैनात 15 कार्मिकों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। उन्हें मुख्यालय निंबुगोरी और बीओपी लंगराडुबा में स्थानांतरित किया गया, जहां उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की गई।
यह राहत एवं बचाव अभियान वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में संपन्न हुआ। एसएसबी की इस त्वरित कार्रवाई ने आपदा की स्थिति में बल की तत्परता, पेशेवर दक्षता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया। स्थानीय स्तर पर भी इस अभियान की सराहना की जा रही है, क्योंकि समय रहते उठाए गए कदमों से संभावित नुकसान को टालने में सफलता मिली।






