पीलीभीत । जनपद में हर घर तिरंगा अभियान के तहत एक विशाल तिरंगा रैली का आयोजन गांधी स्टेडियम किया गया। यह रैली देश की एकता, अखंडता और देशभक्ति के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित की गई।
रैली का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् से गांधी स्टेडियम से हुआ। इस भव्य आयोजन का नेतृत्व जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह और पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने किया। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी सतीश प्रसाद मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट प्यारे लाल मौर्य, जिला विद्यालय निरीक्षक विजय सिंह, कार्यक्रम नोडल अधिकारी इंतजार खान सहित अन्य अधिकारियों द्वारा हाथ में तिरंगा थामकर रैली पैदल मार्च किया। रैली गांधी स्टेडियम से ड्रमण्ड कालेज तक देशभक्तिपूर्ण नारों से गूंजता रहा।
रैली में जनपद के वीरागंना अवन्तीबाई, राजकीय बालिका इण्टर, ड्रमण्ड राजकीय इण्टर कालेज, सतानत धर्म बांके बिहारी राम इण्टर, एसएन इटर कालेज, आर्य कन्या इण्टर कलोज, लिटिल एजिल्स, चिरौंजी लाल वीरेन्द्र पाल सरस्वती विद्या मंदिर इण्टर कालेज, हाफिज रहमत खाॅ इण्टर कालेज, एनसीसी के छात्र सहित अन्य शिक्षण संस्थानों के छात्र-छात्राएं, शिक्षक/शिक्षाकाऐं, अधिकारी, कर्मचारी, पुलिस बल उत्साहपूर्वक सम्मिलित हुए।
गांधी स्टेडियम से शुरू होकर गौहनिया चैराहा होते हुए ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में रैली का समापन समारोह के रूप में हुआ।
ड्रमंड कॉलेज में आयोजित समापन समारोह को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हर देशवासी के हृदय में राष्ट्रवाद की भावना को और अधिक प्रगाढ़ करने का एक माध्यम है।जिलाधिकारी ने जनपद के समस्त गणमान्य नागरिकों, व्यापारियों, चिकित्सकों, शिक्षक-शिक्षिकाओं से अपने घर, प्रतिष्ठान एवं कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराने की अपील की। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय गौरव के प्रतीक हमारे तिरंगे के प्रति सम्मान, गौरव एवं व्यक्तिगत जुड़ाव के लिए हम सभी इस अभियान में बढ़-चढ़कर अपनी भागीदारी निभाऐं।
पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव ने अपने संबोधन में रैली में शामिल सभी प्रतिभागियों और विशेष रूप से युवा पीढ़ी की भागीदारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज की यह विशाल रैली पीलीभीत के नागरिकों की देशभक्ति का जीवंत प्रमाण है। उन्होंने युवाओं से देश की रक्षा और प्रगति के लिए हमेशा तत्पर रहने का आह्वान किया।





