ब्यूरो चीफ़ राहुल सिंह राठौर र्रुखाबाद
फर्रुखाबाद। मिशन शक्ति अभियान के छठवें चरण के तहत छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक कार्यप्रणाली की समझ विकसित करने के उद्देश्य से उन्हें एक दिन के लिए प्रमुख प्रशासनिक पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई। इस पहल के तहत दो छात्राओं को प्रशासनिक अधिकारियों की भूमिका निभाने का अवसर मिला।कंपोजिट विद्यालय ककरौली, विकास खंड नवाबगंज की कक्षा छह की छात्रा अंशिका शर्मा को एक दिन के लिए मुख्य विकास अधिकारी बनाया गया। मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़ ने छात्रा का उत्साहवर्धन करते हुए उसे विकास योजनाओं, प्रशासनिक दायित्वों और जनपद में संचालित विकास कार्यों की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को प्रशासनिक व्यवस्था से परिचित कराकर भविष्य में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करना रहा।
इसी क्रम में उच्च प्राथमिक विद्यालय अटाईपुर जदीद, विकास खंड कायमगंज की कक्षा आठ की छात्रा दर्शना को एक दिन के लिए परियोजना निदेशक बनाया गया। परियोजना निदेशक कपिल कुमार ने छात्रा को कार्यालय से संबंधित प्रशासनिक कार्यों, विभागीय योजनाओं और जिम्मेदारियों की विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के बाद छात्रा को सरकारी वाहन से सुरक्षित उसके घर तक पहुंचाया गया। इस अवसर पर खंड शिक्षा अधिकारी मुख्यालय राजीव श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन और बेसिक शिक्षा विभाग की इस पहल का उद्देश्य बालिकाओं में निर्णय लेने की क्षमता, आत्मविश्वास और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करना है। अधिकारियों ने कहा कि ऐसे अवसर छात्राओं को अपने सपनों को पहचानने, लक्ष्य निर्धारित करने और भविष्य में विभिन्न क्षेत्रों में नेतृत्व करने के लिए प्रेरित करते हैं।






