पश्चिम बंगाल पुरुलिया। ( रवि कारवा) पुरुलिया जिले के बाघमुंडी थाना पुलिस ने 51 दिनों से लापता एक व्यक्ति को ओडिशा से खोज निकालकर उसके परिवार से मिला दिया। इस सफलता से परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस का आभार जताया।
जानकारी के मुताबिक, मधुसूदन कुमार (40), निवासी लालडीह (पुरुलिया), 21 मई 2026 को झारखंड के चांडिल रेलवे स्टेशन से अचानक लापता हो गए थे। इसके बाद बाघमुंडी पुलिस ने लगातार उनकी तलाश शुरू की और दूसरे राज्यों की पुलिस से भी संपर्क बनाए रखा।
लगातार प्रयास और बेहतर समन्वय के चलते पुलिस ने 51 दिन बाद ओडिशा के ढेंकानाल जिले के काकनाहाड़ इलाके से मधुसूदन कुमार को सुरक्षित खोज लिया। जरूरी कानूनी प्रक्रिया और पहचान की पुष्टि के बाद उन्हें उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया गया।
पुरुलिया जिला पुलिस का कहना है कि लापता लोगों को जल्द से जल्द खोजकर उनके परिवारों से मिलाना उनकी प्राथमिकता है और इस दिशा में पुलिस लगातार काम कर रही है। पश्चिम बंगाल पुरुलिया से रवि कारवा की रिपोर्ट







