जिला संवाददाता आशीष कश्यप
दैनिक अयोध्या टाइम्स लखनऊ
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में नगर निगम प्रशासन की कार्यशैली और दोहरे मापदंड का एक बड़ा मामला सामने आया है। एक तरफ रविवार, 2 अगस्त की सुबह क्षेत्र के वार्ड पार्षद ने एक अन्य पार्क में बड़े तामझाम के साथ ओपन जिम का उद्घाटन किया और विकास के बड़े-बड़े दावे किए, वहीं दूसरी तरफ ज़ोन-2 स्थित सपना कॉलोनी का स्वप्नेश्वर मंदिर पार्क नगर निगम और ज़िम्मेदार अधिकारियों की घोर लापरवाही का जीता-जागता सबूत पेश कर रहा है।

सांसद व रक्षा मंत्री के नाम का बोर्ड भी हुआ बदहाल
हैरानी की बात यह है कि इस पार्क में भारत के रक्षा मंत्री एवं लखनऊ के सांसद श्री राजनाथ सिंह की प्रेरणा से ओपन जिम स्थापित किए जाने का शिलापट्ट/बोर्ड लगा हुआ था, लेकिन नगर निगम के सुपरवाइजर और ज़िम्मेदार अधिकारियों की अनदेखी के चलते यह बोर्ड खुद ही अपनी नींव से उखड़कर ज़मीन पर धूल फांक रहा है।

ओपन जिम बना ‘हादसों का अड्डा’, झूले टूटे, लटक रहे नंगे तार
तस्वीरों में साफ देखा जा सकता है कि जनता के टैक्स के पैसों से लगाए गए ओपन जिम के उपकरण और झूले उखड़कर ज़मीन पर धराशायी हो चुके हैं। कसरत करने वाले उपकरण अब हादसों को न्योता दे रहे हैं। पार्क के भीतर बना पंप हाउस जर्जर हालत में है, जहाँ बिजली के खतरनाक और नंगे काले तार हवा में झूल रहे हैं। पार्क में टहलने आने वाले मासूम बच्चों और बुजुर्गों के सिर पर हर वक्त करंट लगने या दुर्घटना होने का खतरा मंडराता रहता है। इसके अलावा, उखड़ी हुई बेंचें, मिट्टी के ढेर और चारों तरफ फैली गंदगी नगर निगम की सफाई व्यवस्था की पोल खोल रही है।

सुपरवाइजर और पार्षद की गैर-मौजूदगी से जनता में आक्रोश
क्षेत्रवासियों में इस बात को लेकर भारी गुस्सा है कि जब क्षेत्र में विकास कार्य कराने का दावा किया जाता है, तो पुराने पार्कों की देखभाल क्यों नहीं की जाती? ज़ोन-2 के नगर निगम अधिकारी, सफाई व निर्माण सुपरवाइजर और स्थानीय पार्षद की गैर-मौजूदगी तथा अनदेखी के कारण पार्क कबाड़खाने में तब्दील हो चुका है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सिर्फ नए प्रोजेक्ट्स का फीता काटना और फोटो खिंचवाना ही काफी नहीं है, बल्कि करोड़ों की लागत से बनी पुरानी जन-सुविधाओं का रखरखाव करना भी प्रशासन की ही ज़िम्मेदारी है।स्थानीय नागरिकों ने मांग की है कि नगर निगम प्रशासन नींद से जागे और इस पार्क के उपकरणों की तत्काल मरम्मत कराकर बदहाली दूर करे,




