
दैनिक अयोध्या टाइम्स कमालगंज फर्रुखाबाद
कमालगंज थाना क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म के प्रयास का गंभीर मामला सामने आया है। बच्ची अपनी मां के साथ कन्नौज जनपद से ननिहाल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने आई थी। आरोप है कि समारोह समाप्त होने के बाद घर लौटते समय रास्ते में गाड़ी के अंदर उसके साथ यह घटना हुई।
जानकारी के अनुसार, शादी समारोह कमालगंज कस्बे के एक गेस्ट हाउस में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद गांव के कुछ बच्चे कथित तौर पर पूर्व सपा विधायक के समर्थक बताए जा रहे फुरकान अहमद की गाड़ी से घर लौट रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान गाड़ी में मौजूद फुरकान अहमद ने छह वर्षीय बच्ची के साथ छेड़छाड़ करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया। घर पहुंचने पर बच्ची ने अपनी मां को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों में हड़कंप मच गया।
रात करीब 9:30 बजे ननिहाल पक्ष के लोग कमालगंज थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ लिखित तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष दीपक त्रिवेदी पुलिस टीम के साथ गांव पहुंचे और परिजनों से पूछताछ कर जांच शुरू की। हालांकि, पुलिस के गांव पहुंचने से पहले ही आरोपी और उसके परिजन मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संबंधित युवक पहले भी बच्चियों के साथ छेड़छाड़ कर चुका है। यह भी आरोप लगाया गया कि वह सपा नेताओं के साथ अपनी तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कर लोगों पर दबाव बनाने का प्रयास करता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है। बच्ची की सुरक्षा और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस से निष्पक्ष जांच कर आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा की जा रही है।



