दैनिक अयोध्या टाइम्स फर्रुखाबाद

जनपद में अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग ने प्रवर्तन अभियान तेज कर दिया है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश एवं जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के नेतृत्व में लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में सोमवार 23 नवंबर को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-2 सुधांशु चौधरी ने अपनी टीम के साथ विभिन्न आबकारी अनुज्ञापन स्थलों पर औचक निरीक्षण किया। टीम ने देशी शराब की मानपुर, सिरौली, बराकेशव, आसलपुर, नगला चंदन, गुठना, बबना, पत्योरा, कुरार, देवसनी, चन्दूइया, अमरापुर, लुधैया पावर हाउस, नगला उम्मेद, बरझाला और धमगंवा सहित विभिन्न दुकानों की जांच की। इसके अलावा सिरौली, बराकेशव, आसलपुर, पुठरी, लुधैया पावर हाउस और बरझाला स्थित कम्पोजिट दुकानों का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से होने वाली बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता को बारीकी से परखा गया। देशी शराब दुकानों से जुड़ी कैंटीन की भी सघन जांच की गई। अधिकारियों ने उपलब्ध मदिरा के स्टॉक का अभिलेखों से मिलान करते हुए अनुज्ञापियों को सभी जरूरी दस्तावेज अद्यतन रखने और शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का शत-प्रतिशत पालन करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी गई कि किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर संबंधित दुकानदार के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता ने क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने और अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।



