
दैनिक अयोध्या टाइम्स अमृतपुर फर्रुखाबाद
थाना क्षेत्र में बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। युवक अपने भांजे के तिलक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहा था, तभी रास्ते में पेट्रोल पंप के पास अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को 108 एंबुलेंस से राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के अनुसार उजरा मऊ निवासी रामनारायण का 35 वर्षीय पुत्र पंकज यादव बुधवार को अमृतपुर थाना क्षेत्र के मांजा गांव में अपने भांजे के तिलक समारोह में शामिल होने गया था। समारोह में शामिल होने के बाद वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पंकज उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने परिजनों को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंची 108 एंबुलेंस से उसे राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां चिकित्सक डॉ. हिमांशु ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पंकज तीन भाइयों में दूसरे नंबर पर था। उसकी शादी करीब दस वर्ष पहले हुई थी और उसके तीन बच्चे हैं। पति की मौत की खबर सुनते ही पत्नी अंजलि बदहवास हो गई। मां गुड्डी सहित परिवार के अन्य सदस्य भी अस्पताल पहुंच गए। अस्पताल में पत्नी और मां की चीख-पुकार सुनकर हर किसी की आंखें नम हो गईं। जिस घर में कुछ देर पहले तक खुशियों का माहौल था, वहां अचानक मातम छा गया। पंकज की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। तीन मासूम बच्चों के सिर से पिता का साया उठने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।



