
दैनिक अयोध्या टाइम्स फर्रुखाबाद
लखनऊ। मुख्यमंत्री, उत्तर प्रदेश श्री योगी आदित्यनाथ ने जनगणना-2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए प्रदेश के समस्त नागरिकों से सक्रिय सहभागिता की अपील की है। मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा है कि उत्तर प्रदेश जैसे विशाल एवं विविधतापूर्ण प्रदेश के समग्र विकास के लिए जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण है। जनगणना से प्राप्त आंकड़े प्रदेश की वास्तविक आवश्यकताओं को समझने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार एवं बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी भावी योजनाओं को सही दिशा प्रदान करने में सहायक होंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संकलन नहीं है, बल्कि यह प्रदेश के विकास की भावी रूपरेखा तैयार करने का महत्वपूर्ण आधार है। जनगणना के माध्यम से प्राप्त सटीक एवं प्रमाणिक जानकारी के आधार पर विकास योजनाओं के निर्माण, संसाधनों के उचित आवंटन तथा आमजन तक सरकारी योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाने में सहायता मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में अवगत कराया है कि जनगणना-2027 देश की पहली डिजिटल जनगणना है। इस बार नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए स्व-गणना (Self-Enumeration) का विकल्प उपलब्ध कराया गया है। इसके अंतर्गत 16 नवंबर से 30 नवंबर, 2026 तक प्रदेशवासी घर बैठे ऑनलाइन पोर्टल se.census.gov.in पर जाकर अपनी एवं अपने परिवार की आवश्यक जानकारी स्वयं दर्ज कर सकेंगे।
स्व-गणना की इस व्यवस्था से नागरिकों को अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कराने की सुविधा मिलेगी। इसके पश्चात एक दिसंबर, 2026 से चार जनवरी, 2027 तक प्रगणक घर-घर पहुंचकर जनसंख्या गणना का कार्य करेंगे। इस दौरान जनगणना कार्य से जुड़े कार्मिक निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार परिवारों से आवश्यक जानकारी प्राप्त करेंगे।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से आग्रह किया है कि वे स्व-गणना में बढ़-चढ़कर भाग लें तथा जनगणना के दौरान प्रगणकों को सही, स्पष्ट एवं पूर्ण जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं, शिक्षकों, सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों से जनगणना के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने में सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की है।
उन्होंने कहा कि जनगणना की सफलता में प्रत्येक नागरिक की भूमिका महत्वपूर्ण है। प्रत्येक गांव, कस्बे, शहर और परिवार तक पहुंचकर इस राष्ट्रीय दायित्व को पूर्ण करना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का सहयोग करना तथा उन्हें सही जानकारी उपलब्ध कराना जनगणना को सफल बनाने की आधारशिला है।
मुख्यमंत्री ने जनगणना कार्य में लगे समस्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को संबोधित करते हुए कहा है कि जनगणना की सफलता में उनकी भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्हें प्रत्येक गांव, कस्बे, शहर एवं परिवार तक पहुंचकर इस राष्ट्रीय दायित्व का पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करना चाहिए। उनका समर्पण, संवेदनशील व्यवहार और कार्य के प्रति निष्ठा जनगणना को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान देंगे।
मुख्यमंत्री ने अपने संदेश के अंत में समस्त प्रदेशवासियों से एकजुट होकर जनगणना-2027 को सफल बनाने का आह्वान करते हुए कहा है कि आइए, हम सब मिलकर उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 को सफल बनाएं।



