पुलकित दास महंत प्रदेश स्टेट प्रभारी छत्तीसगढ़ दैनिक अयोध्या टाइम्स समाचार पत्र
धरमजयगढ़। रैरूमाखुर्द चौकी क्षेत्र के तेजपुर के समीप बुधवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नारायणपुर से रायगढ़ जा रही द्विवेदी यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। हादसे में करीब 15 यात्री घायल बताए जा रहे हैं।

जानकारी के मुताबिक, द्विवेदी यात्री बस नारायणपुर से रायगढ़ की ओर जा रही थी। इसी दौरान तेजपुर के पास सामने से आ रहे ट्रक से बस की सीधी भिड़ंत हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात भी प्रभावित रहा।

हादसे की सूचना मिलते ही रैरूमा थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने मौके का निरीक्षण कर राहत-बचाव कार्य शुरू कराया तथा घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। घायलों में 7 की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर उपचार के लिए पत्थलगांव सिविल अस्पताल रेफर किया गया है, जबकि अन्य 8 घायलों का उपचार धरमजयगढ़ अस्पताल में जारी है।
हादसे में घायल यात्रियों में अमित एक्का (20), माधुरी दास (16), सरस्वती दास (35), सुकान्ति वैष्णव (35), मंजीता टोप्पो (30), अरविन्द दास (20), सुचिता एक्का (35), विजय एक्का (42), अमित जेरी टोप्पो (42), अयोध्या विश्वकर्मा (48), अमर साय राम (64), दयामनी देवी (55) और सुरेन्द्र यादव (55) सहित अन्य यात्री शामिल बताए गए हैं। वहीं, सामान्य चोट वाले कुछ यात्री प्राथमिक उपचार के बाद घटनास्थल से ही अपने गंतव्य की ओर रवाना हो गए।
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाते हुए हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और वाहन चालक की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल सभी घायलों का उपचार जारी है और पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। सुबह-सुबह हुए इस भीषण हादसे ने एक बार फिर क्षेत्र में तेज रफ्तार, वाहन चालकों की लापरवाही और सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।





