पुलकित दास महंत प्रदेश स्टेट प्रभारी छत्तीसगढ़ दैनिक अयोध्या टाइम्स समाचार पत्र
तमनार / छत्तीसगढ़ शासन के ‘सुघर छत्तीसगढ़ अभियान’ के अंतर्गत ग्राम पंचायत महलोई, जनपद पंचायत तमनार में ग्रामीण सचिवालय का भव्य शुभारंभ किया गया। शासन की इस महत्वपूर्ण पहल का उद्देश्य ग्रामीणों को उनके गांव में ही शासकीय सेवाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराना तथा उनकी समस्याओं का पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से निराकरण करना है।

ग्रामीण सचिवालय के शुभारंभ से महलोई सहित आसपास के ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय कार्यों के लिए बार-बार तमनार ब्लॉक कार्यालय अथवा रायगढ़ जिला मुख्यालय जाने की आवश्यकता कम होगी। आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, राशन कार्ड, पेंशन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना तथा मनरेगा से संबंधित समस्याओं एवं कार्यों के लिए गांव स्तर पर ही आवश्यक मार्गदर्शन और सुविधा उपलब्ध होगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष दीपक सिदार, जिला पंचायत सदस्य रमेश बेहरा तथा ग्राम पंचायत महलोई की सरपंच गौरी राठिया सहित जनप्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रशासनिक स्तर पर SDM प्रवीण तिवारी, जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं उपसंचालक पंचायत एवं समाज कल्याण विभाग नीलाराम पटेल, जनपद पंचायत तमनार के CEO धर्मेन्द्र बैस, तहसीलदार शिवम पाण्डेय तथा नायब तहसीलदार पंकज मिश्रा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहें। इसके साथ ही क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में अपनी सक्रिय उपस्थिति दर्ज कराई। ग्राम पंचायत जोबरों की सरपंच उजागरमाती राठिया, ग्राम पंचायत पडिगांव की सरपंच सुभद्रा राठिया, उपसरपंच उषाकिरण राठिया, ग्राम पंचायत गौरबाहरी की सरपंच मिथिला सिदार तथा जनपद सदस्य सम्पति सिदार सहित अन्य जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में उपस्थित रहे। उनकी उपस्थिति से कार्यक्रम में जनभागीदारी और क्षेत्रीय प्रतिनिधित्व देखने को मिला।
ग्रामीण सचिवालय में पंचायत सचिव, पटवारी, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा राजस्व विभाग के कर्मचारियों ने ग्रामीणों से सीधे आवेदन प्राप्त किए। इस दौरान कई प्रकरणों का मौके पर ही त्वरित निराकरण किया गया। ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गई, जिससे पात्र हितग्राही योजनाओं का लाभ लेने के लिए सही प्रक्रिया से आवेदन कर सकें। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण सचिवालय का उद्देश्य शासन और ग्रामीणों के बीच दूरी को कम करना है। ‘शासन आपके द्वार’ की भावना के अनुरूप गांव में ही विभिन्न सेवाएं उपलब्ध होने से ग्रामीणों के समय, श्रम और आने-जाने के खर्च की बचत होगी। साथ ही शासकीय कार्यों में पारदर्शिता और समयबद्धता को बढ़ावा मिलेगा। गांव में एक ही स्थान पर अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी और अपनी समस्याओं को सीधे रखने का अवसर मिलने से ग्रामीणों में उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने शासन की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहितकारी कदम बताया। ग्रामीण सचिवालय के माध्यम से स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान होने से ग्रामीणों को दूर स्थित कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। साथ ही ग्रामीण सचिवालय में उपलब्ध सेवाओं का उपयोग करते हुए अपनी समस्याओं और आवश्यक दस्तावेजों से संबंधित आवेदनों को संबंधित अधिकारियों के समक्ष प्रस्तुत करने की अपील की गई।
कार्यक्रम के अंत में अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से अपील की कि वे ग्रामीण सचिवालय के निर्धारित दिनों में अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सुविधा का लाभ उठाएं। शासन की इस पहल से गांव स्तर पर प्रशासन की पहुंच मजबूत होने के साथ-साथ ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधा संवाद भी स्थापित होगा। महलोई में ग्रामीण सचिवालय की शुरुआत को स्थानीय स्तर पर सुशासन, जनभागीदारी और शासन की सेवाओं को ग्रामीणों के द्वार तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।




