रायबरेली ब्यूरो।। प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी ईद मिलादुन्नबी अर्थात बारावफात का जुलूस पूरे जनपद में शानो शौकत और अकीदत के साथ निकाला गया। जिसमें विभिन्न अंजुमनों के साथ-साथ मुहम्मद साहब के चाहने वाले तमाम लोगों ने शिरकत की। इस्लामिक कैलेंडर के रबीउल अव्वल माह की 12 तारीख को इस्लाम धर्म के प्यारे नबी हजरत मोहम्मद साहब की याद में जनपद के लगभग सभी क्षेत्रों में जुलूस ए मोहम्मदी निकाला गया। जुलूस में शिरकत करने वाली विभिन्न अंजुमनों ने नातिया कलाम पढ़ते हुए सभी लोगों को हजरत मोहम्मद साहब के बताए रास्ते पर चलने के लिए प्रेरित किया। हजरत मोहम्मद साहब की शिक्षाएं, उनके द्वारा बताए गए नेक रास्ते पर चलने की हिदायतें, उनके उपदेश तथा लोगों के बीच भाईचारे और प्यार से रहने का संदेश देते हुए जुलूस अपने पारंपरिक रास्तो से होता हुआ अपने तय स्थान पर संपन्न हुआ। इस दौरान झंडे लेकर चल रहे बच्चे नारे लगाकर अपनी खुशी और नबी के प्रति निष्ठा जाहिर कर रहे थे।

शहर में खिन्नी तल्ला स्थित इदारे सरैया से निकलने वाला जुलूस नाजिमे आला मौलाना अरबी उल अशरफ की सरपरस्ती में सुबह शुरू होकर अपने पारंपरिक रास्तो कैपरगंज, घंटाघर, रेलवे स्टेशन, डबल फाटक, जहानाबाद चौकी, कहारों का अड्डा होते हुए खिन्नी तल्ला स्थित इदारे शरैय्या पर सलातो सलाम के साथ मुकम्मल हुआ। रास्ते में जगह-जगह लोगों और संस्थाओं द्वारा जुलूस का इस्तकबाल किया गया तथा लंगर लगाए गए। लोगों ने छोटे बच्चों में बांटने के लिए बिस्कुट, मिठाई, फल, आइसक्रीम, चिप्स, कुरकुरे आदि का व्यापक इंतजाम किया था। जिसे पाकर बच्चों में एक अलग ही तरह की खुशी दिखाई दी। इसके अलावा बिरयानी जर्दा खीर आदि विभिन्न प्रकार के तबर्रुक भी जुलूस में शामिल लोगों को बांटे गए।

उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली अंजुमनों को मिला पुरूस्कार
इदारे शरैय्या पहुंचने पर जुलूस में शामिल सभी अंजुमनों को राष्ट्रीय जागरूक मुस्लिम मोर्चा के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष जनाब आफताब अहमद रज्जु खान एडवोकेट की जानिब से नाजिमे आला मौलाना अरबी अल अशरफ साहब के हाथों से इनाम व इकराम से नवाजा गया। अंजुमनो में पहला इनाम अंजुमन रजाए मुस्तफा छोटा घोसियाना दूसरा ईनाम अंजुमन आशिकाने मुस्तफा बहराना तथा तीसरा ईनाम लश्करे आला हजरत तेलिया कोट व बड़ा घोसियाना को दिया गया। वही इंतजामिया कमेटी ने जुलूस ए मोहम्मदी में शामिल सभी अंजुमनों का तहे दिल से शुक्रिया अदा किया।

रायबरेली शहर के अलावा सभी मुख्य कस्बो में निकला जुलूस
रायबरेली शहर के अलावा महाराजगंज, डलमऊ, लालगंज, ऊंचाहार, हलोर, बछरावां, सलेथू, बावन बुजुर्ग बल्ला, राही, जगतपुर आदि मुस्लिम इलाकों में जुलूस से मोहम्मदी पूरी शानो शौकत के साथ निकाला गया। जुलूस ए मोहम्मदी के अवसर पर स्थानीय प्रशासन तथा पुलिस की तैनाती से कहीं कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई है।



