जिला संवाददाता आशीष कश्यप
दैनिक अयोध्या टाइम्स लखनऊ
राजधानी लखनऊ की आशियाना थाना पुलिस ने क्षेत्र में लगातार हो रही नकबजनी और चोरी की घटनाओं का सफल अनावरण करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मुखबिर की खास सूचना पर देवीखेड़ा से इको गार्डेन मार्ग के पास से दोनों शातिर चोरों को धर दबोचा। पकड़े गए अभियुक्तों के पास से भारी मात्रा में चोरी के आभूषण (पाजेब, पायल, ब्रेसलेट, कमरबंद, अंगूठी) और बिजली के तार बरामद किए गए हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान राहिल उर्फ लंगड़ा और मोहम्मद इस्माइल उर्फ टिल्लू निवासी कांशीराम कॉलोनी, सालेह नगर, लखनऊ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, राहिल एक अभ्यस्त अपराधी है, जिसके खिलाफ चिनहट, मड़ियांव, कैंट और गोरखपुर सहित विभिन्न थानों में चोरी व नकबजनी के 18 मामले दर्ज हैं। दूसरे अभियुक्त के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
आशियाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहाँ से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया है।





