अनिरुद्ध सिंह यादव
पीलीभीत। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) जनपद पीलीभीत द्वारा बरेली मंडल आयुक्त एवं जिलाधिकारी को एक शिकायत पत्र सौंपकर नगर पंचायत पकड़िया नौगवां में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी 2.0 के अंतर्गत कराए जा रहे कार्यों में गंभीर अनियमितताओं की जांच कराने की मांग की गई। जिलाध्यक्ष वेद प्रकाश शर्मा के नेतृत्व में दिए गए पत्र में आरोप लगाया गया है कि नगर पंचायत के कुछ कर्मचारियों एवं संबंधित लोगों द्वारा पात्रता की अनदेखी करते हुए अपात्र लोगों को योजना का लाभ दिलाया जा रहा है।
शिकायत में यह भी कहा गया कि बिना स्थलीय सत्यापन के लाभार्थियों का चयन किया गया तथा कई ऐसे लोगों के नाम सूची में शामिल किए गए हैं जिनके पहले से पक्के मकान बने हुए हैं। भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) ने मांग की है कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए। संगठन का कहना है कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ केवल वास्तविक गरीब और पात्र लोगों तक ही पहुंचना चाहिए।
भारतीय किसान यूनियन (टिकैत) किसानों, मजदूरों और गरीब वर्ग के हितों के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी तथा किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार और अनियमितता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।






