सोनभद्र (ब्यूरो चीफ, अमान खान)। उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य पदों के लिए चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। आगामी 30 और 31 जनवरी को सोनभद्र के अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रदेश के 25 सदस्य पदों के लिए कुल 333 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं, जिनमें सोनभद्र के तीन स्थानीय चेहरे भी शामिल हैं।
■ मतदान के लिए सुरक्षा और व्यवस्था चाक-चौबंद
विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी एक्ट एवं पीठासीन अधिकारी आबिद शमीम ने बताया कि मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जनपद में कुल 1620 सीओपी (COP) धारक वकील मतदाता अपने मत का प्रयोग करेंगे।
- सोनभद्र मुख्यालय: जनपद न्यायालय परिसर स्थित वीडियो कांफ्रेंसिंग भवन में 1348 अधिवक्ता मतदान करेंगे।
- दुद्धी: तहसील परिसर में 272 वकील मतदाता वोट डालेंगे।
■ सोनभद्र के तीन प्रत्याशियों पर टिकी नजरें
इस बार के चुनाव में सोनभद्र जिले से एक महिला समेत तीन प्रत्याशी अपनी दावेदारी पेश कर रहे हैं। इनमें राकेश शरण मिश्र एडवोकेट, वर्तमान सदस्य विनोद कुमार पांडेय एडवोकेट और सुषमा यादव एडवोकेट शामिल हैं। स्थानीय अधिवक्ताओं के बीच इस बार अपने जिले के प्रत्याशियों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय वरीयता का मत देने की चर्चा जोरों पर है।
■ दिग्गजों की प्रतिष्ठा भी दांव पर
स्थानीय प्रत्याशियों के अलावा वाराणसी, प्रयागराज और लखनऊ के कई दिग्गज वर्तमान सदस्य भी सोनभद्र के वकीलों से उम्मीदें लगाए बैठे हैं। इनमें श्रीनाथ त्रिपाठी, हरिशंकर सिंह, जयनारायण पांडेय, राकेश पाठक, देवेंद्र मिश्र नगहरा, अरुण कुमार त्रिपाठी, पांचूराम मौर्य और परेश मिश्र जैसे नाम शामिल हैं। सोनभद्र का अधिवक्ता समाज हमेशा से इन बाहरी दिग्गजों को वरीयता देता रहा है, लेकिन इस बार मुकाबला काफी रोचक माना जा रहा है।
■ ‘बदलाव’ या ‘भरोसा’: वकीलों के हाथ में फैसला
अब देखना यह होगा कि जनपद के विद्वान वकील मतदाता पुराने चेहरों पर फिर से भरोसा जताते हैं या इस बार स्थानीय और नए प्रत्याशियों को चुनकर बार काउंसिल में भेजते हैं। 30 और 31 जनवरी को होने वाला यह मतदान यूपी बार काउंसिल की भावी राजनीति की दिशा तय करेगा।






