अमान खान ब्यूरो चीफ सोनभद्र (ब्यूरो)। जनपद में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने घेराबंदी कर दो लग्जरी स्कॉर्पियो वाहनों से 60 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लाखों में आंकी जा रही है। मौके से पुलिस ने पांच शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है, जिन पर हत्या, लूट और गैंगस्टर जैसे दर्जनों संगीन मामले पहले से दर्ज हैं।
चेकिंग के दौरान पुलिस लाइन मोड़ पर हुई कार्रवाई
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक अनिल कुमार व क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में मंगलवार देर रात रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। रात करीब 10:35 बजे ‘मम्मी के ढाबा’ के पास दो काली स्कॉर्पियो संदिग्ध अवस्था में खड़ी मिलीं। तलाशी लेने पर गाड़ियों के अंदर छिपाकर रखा गया 60 किलो गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ₹5,25,000 नगद और तस्करी में प्रयुक्त 07 मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।
उड़ीसा से छत्तीसगढ़ के रास्ते ला रहे थे खेप
पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि वे उड़ीसा के एक सप्लायर ‘अर्जुन’ के संपर्क में थे। वे छत्तीसगढ़ के रास्ते गांजा लेकर आ रहे थे। पकड़े गए अभियुक्तों में से कुछ लोग गांजा सप्लाई लेकर आए थे, जबकि अन्य उसे रिसीव कर आगे खपाने की तैयारी में थे। पुलिस टीम अब मुख्य सप्लायर अर्जुन की तलाश में जुट गई है।
हिस्ट्रीशीटर निकले गिरफ्तार तस्कर
पकड़े गए अभियुक्तों का लंबा आपराधिक इतिहास है:
- भाष्कर दूबे (सुलतानपुर): हत्या के प्रयास व गैंगस्टर सहित 8 मामले।
- शुभम तिवारी (अमेठी): हत्या, लूट व गैंगस्टर सहित 13 मामले।
- लकी यादव (सुलतानपुर): हत्या व गैंगस्टर सहित 7 मामले।
- सुनील कुमार यादव (रायबरेली): गोवध व एनडीपीएस सहित 5 मामले।
- सूरज कुमार सोनी (अमेठी): लूट, रंगदारी व गैंगस्टर सहित कुल 21 संगीन मामले दर्ज हैं।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा ने बताया कि अभियुक्तों के खिलाफ थाना रॉबर्ट्सगंज में NDPS Act की धारा 8/20/27/29/60 के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही गाड़ी पर फर्जी नंबर प्लेट लगाने के आरोप में नई कानूनी संहिता BNS की धारा 336(3), 340(2), और 345(3)(b) के तहत भी कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय कार्य करने वाली टीम:
सफलता पाने वाली टीम में रॉबर्ट्सगंज प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा, एसओजी प्रभारी राजेश जी चौबे, उपनिरीक्षक धर्मनारायण भार्गव, उमाशंकर यादव, विनोद कुमार यादव सहित एसओजी व पुलिस के जवान शामिल रहे।






