अमान खान ब्यूरो चीफ सोनभद्र (शक्तिनगर)। जनपद में नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध बिक्री के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शक्तिनगर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर बस स्टैंड शक्तिनगर के पास से एक युवक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध देशी शराब बरामद की है।
थानाध्यक्ष शक्तिनगर कमल नयन दूबे के नेतृत्व में गठित टीम क्षेत्र भ्रमण और अपराध रोकथाम के लिए गश्त पर थी। इसी दौरान उपनिरीक्षक रंजीत कुमार को सूचना मिली कि एक व्यक्ति अवैध शराब के साथ बस स्टैंड के पास मौजूद है। पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया।
21 लीटर से अधिक शराब बरामद, आबकारी अधिनियम में केस दर्ज
तलाशी के दौरान अभियुक्त के पास से ब्लू लाइम देशी शराब मसाला के 108 पाउच बरामद हुए, जिनकी कुल मात्रा 21.60 लीटर बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अंशु पुत्र सुदामा (उम्र 22 वर्ष), निवासी ग्राम खैराही, थाना रॉबर्ट्सगंज के रूप में हुई है, जो वर्तमान में शक्तिनगर बस स्टैंड के पास रह रहा था।
शक्तिनगर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 19/2026, धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जेल भेज दिया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में मुख्य रूप से उपनिरीक्षक रंजीत कुमार, हेड कांस्टेबल माधवानन्द सिंह और कांस्टेबल शैलेश कुमार शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।






