रॉबर्ट्सगंज,अमान खान ब्यूरो चीफ सोनभद्र। समाजवादी पार्टी द्वारा बुधवार को ग्राम सभा मुसही और सहीजन खुर्द में ‘जन चौपाल’ का आयोजन किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने बिजली और पानी की गंभीर समस्याओं को लेकर अपना आक्रोश व्यक्त किया। चौपाल में मुख्य रूप से स्मार्ट मीटर की गड़बड़ी और पेयजल संकट का मुद्दा छाया रहा।
स्मार्ट मीटर और बिजली कटौती पर नाराजगी:
सपा जिला सचिव प्रमोद यादव ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि स्मार्ट मीटर लगने के बाद से उपभोक्ताओं का बिल अप्रत्याशित रूप से बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि महज 500 या 1000 रुपये के बकाया पर बिजली कनेक्शन काटा जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। विभाग की यह कार्यप्रणाली आम जनता का उत्पीड़न करने वाली है।
4 किमी दूर से पानी लाने को मजबूर ग्रामीण:
ग्रामीणों ने बताया कि ‘हर घर जल’ योजना के तहत गांवों में नल तो लगा दिए गए हैं, लेकिन उनमें पानी की एक बूंद तक नहीं आती। लोग 4 किलोमीटर दूर से पानी ढोने को मजबूर हैं या फिर घंटों टैंकर का इंतजार करना पड़ता है। प्रमोद यादव ने आश्वासन दिया कि इन समस्याओं को लेकर जल्द ही जिलाधिकारी से वार्ता की जाएगी और समाधान न होने पर आंदोलन की रूपरेखा तैयार होगी।
चौपाल में ऊषा भारती, सरोज, दिनेश कोल, कल्याणी कोल, आरती गौड़ और सुरेंद्र सहित भारी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।






