सोनभद्र,अमान खान ब्यूरो चीफ (रॉबर्ट्सगंज): स्थानीय रामलीला मैदान में शनिवार को जन अधिकार पार्टी द्वारा एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। इस दौरान पार्टी के संस्थापक सदस्य व जिला संगठन मंत्री लक्ष्मण सिंह मौर्य और पूर्व मंत्री व आठ बार के विधायक विजय सिंह गौड़ के निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई।
लक्ष्मण सिंह मौर्य का जाना पार्टी के लिए अपूर्णीय क्षति
श्रद्धांजलि सभा को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश प्रमुख महासचिव डॉ. भागीरथी सिंह मौर्य ने कहा कि लक्ष्मण सिंह मौर्य पार्टी के उन शुरुआती स्तंभों में से थे, जिन्होंने संगठन को सींचने का काम किया। वे मृदुभाषी और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी थे। सांसद बाबू सिंह कुशवाहा और राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवकन्या कुशवाहा के अत्यंत करीबी रहे लक्ष्मण जी ने हमेशा पार्टी कार्यों को प्राथमिकता दी। उनके दिखाए रास्ते पर चलना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
विजय सिंह गौड़: आठ बार के विधायक और संघर्षों के प्रतीक
वाराणसी मंडल प्रभारी सुमंत सिंह मौर्य और जिलाध्यक्ष आदित्य मौर्य ने पूर्व मंत्री विजय सिंह गौड़ को याद करते हुए कहा कि वे सोनभद्र के गौरव थे। आठ बार विधायक बनकर उन्होंने जो कीर्तिमान स्थापित किया, वह उनकी जनप्रियता का प्रमाण है। आदिवासियों, दलितों और पिछड़ों के हक के लिए सुप्रीम कोर्ट तक लड़ाई लड़ने वाले विजय सिंह गौड़ का निधन जनपद के लिए एक युग का अंत है। उनके संघर्षों को आगे बढ़ाना ही समाज के प्रति हमारी जिम्मेदारी है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
सभा की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष आदित्य मौर्य ने की तथा संचालन जिला महासचिव रवि रंजन शाक्य ने किया। इस मौके पर मुख्य रूप से:
- किरन कुशवाहा (मंडल प्रभारी महिला प्रकोष्ठ)
- श्रीपति विश्वकर्मा (जिला प्रभारी)
- सुनील मौर्य (बीडीसी), कृष्णानंद मौर्य (प्रधान), बलिराम मौर्य (प्रधान)
- चंद्रमा सिंह, सभापति सिंह, रामनारायण प्रजापति, आशीष मौर्य, विजयमल मौर्य, अनुरुद्ध सिंह, प्रदीप चौहान, कुसुम मौर्य, आरती मौर्य व अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।







