सोनभद्र,अमान खान ब्यूरो चीफ। आगामी त्यौहारों—रमजान, होली और ईद-उल-फितर—को खुशियों और आपसी सौहार्द के साथ मनाने के लिए जनपद की पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है। शनिवार को क्षेत्राधिकारी घोरावल, राहुल पाण्डेय के नेतृत्व में करमा थाने पर ‘पीस कमेटी’ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें पुलिस और जनता के बीच ‘दोस्ती और अनुशासन’ का संगम देखने को मिला।
कानून से खिलवाड़ पड़ा तो पड़ेगा भारी
बैठक के दौरान क्षेत्राधिकारी ने साफ़ शब्दों में चेतावनी दी कि त्यौहार आपसी प्रेम का प्रतीक हैं, इसमें किसी भी तरह का खलल बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाले या शांति भंग करने की कोशिश करने वाले तत्वों के विरुद्ध पुलिस कठोरतम वैधानिक कार्रवाई करेगी।
अफवाहों पर ‘डिजिटल’ पहरा
पुलिस ने डिजिटल दुनिया के खतरों से भी आगाह किया। क्षेत्राधिकारी ने अपील की कि सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक या अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा न करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते कदम उठाया जा सके।
धर्मगुरुओं और नागरिकों ने बढ़ाया हाथ
बैठक में उपस्थित विभिन्न धर्मों के गुरुओं, जनप्रतिनिधियों और संभ्रांत नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। सभी ने एक स्वर में कहा कि सोनभद्र की गंगा-जमुनी तहजीब को कायम रखा जाएगा और त्यौहारों को पारंपरिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा।






