ब्यूरो चीफ बिपिन सिंह चौहान फर्रुखाबाद। जनपद में अपराध के खिलाफ चल रही सख्त कार्रवाई के बीच अमृतपुर थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चर्चित ओमवीर हत्याकांड के आरोपी सुरजीत यादव उर्फ नन्हकू को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान हुई फायरिंग में एक कांस्टेबल भी घायल हो गया, जबकि आरोपी के पैर में गोली लगने से वह भी घायल हो गया।जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक आरती सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में अमृतपुर थाना प्रभारी रक्षा सिंह व चौकी इंचार्ज राहुल सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम को सूचना मिली कि हत्याकांड का वांछित आरोपी सुरजीत गांव की पुलिया के पास छिपा हुआ है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी, जिससे अफरा-तफरी मच गई। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी फायरिंग की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई और उसे दबोच लिया गया।
मुठभेड़ के दौरान चली गोली से कांस्टेबल वसीम घायल हो गए। घायल कांस्टेबल और आरोपी को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजेपुर ले जाया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस समेत अन्य सामान बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपी सुरजीत यादव उर्फ नन्हकू थाना क्षेत्र के गांव गुजरपुर पमारान का निवासी है और ओमवीर हत्याकांड में लंबे समय से फरार चल रहा था।इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी रक्षा सिंह, चौकी इंचार्ज राहुल सिंह सहित पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह का कहना है कि वांछित अभियुक्त सुरजीत उर्फ़ नन्हकू को पुलिस मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया गया है। पुलिस द्वारा अन्य आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।






