सहारनपुर। सहारनपुर उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के महानगर कार्यालय व्यापार भवन पर 20 अगस्त को बड़े विशाल रोष प्रदर्शन को काला दिवस के रूप में मनाने के लिए रूपरेखा तैयार की गई। महानगर अध्यक्ष विवेक मनोचा ने कहा कि दोनों बड़े विषयों जिसमें लगभग दो माह पूर्व जो व्यापारी अशोक खुराना जी से नगर निगम के प्रवर्तन दल द्वारा उनकी दुकान में ही मारपीट करना, वीडियो फुटेज देखने के बाद भी व्यापारी को दोषी करार देना और दोषी अधिकारियों , कर्मचारियों को क्लीन चिट दे देना जैसे अन्याय पूर्ण निर्णय को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
साथ ही साथ जीआईएस सर्वे के नाम पर जो लगातार व्यापारियों का एवं अन्य जन आम जनमानस का उत्पीड़न किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिस तरह नगर निगम में भ्रष्टाचार की अति हो चुकी है के विरुद्ध पीछे नहीं हटा जाएगा। इसलिए इसी संदर्भ में आने वाली 20 अगस्त को सभी व्यापारियों से आग्रह करते है कि जब वो अपना व्यापार करें तो उस दिन काली कमीज, काला रिबन ,काला झंडा अपने प्रतिष्ठान पर लगाकर व्यवसाय करें और अपना रोष प्रदर्शन करें।
महानगर वरिष्ठ महामंत्री स. सुरेंद्र मोहन सिंह चावला ने बताया कि व्यापार भवन पर सभी प्रमुख व्यापारियों को काले झंडे ,काले रिबन काले स्टिकर का वितरण किया गया। जिनको व्यापारियों ने आज से ही सभी प्रमुख बाजारों में लगाने का कार्य शुरू कर दिया है और कल सभी व्यापारी काला झंडा लगाने के साथ नगर निगम के नए पूरे का विरोध करने वाला काला स्टिकर लगाएंगे ,काला रिबन बंधेंगे और नगर निगम कि इन विसंगतियों वे अन्यायपूर्ण रवैये के विरुद्ध काला दिवस मनाएंगे ताकि जो आंखें मूंदकर और कान बंद करके अधिकारी व सत्ताधारी नेता बैठे हुए हैं, जिन्हें व्यापारियों का कोई दुख दर्द नहीं दिखता, इनके कान खुले इनकी आंखें खुलें।
व्यापार मंडल के शीर्ष पदाधिकारियों द्वारा आह्वान किया गया कि कल सभी व्यापारी जब दुकान पर काला झंडा लगाएंगे ,उसकी सेल्फी लेकर नगर निगम की कुरीतियों के विरुद्ध ,अन्याय के विरुद्ध फेसबुक पर और सोशल मीडिया बाकी प्लेटफार्म पर शेयर भी करेंगे। कार्यक्रम में सभी वरिष्ठ व्यापारी नेता यशपाल मैनी , किशनलाल ठक्कर, आर के मल्होत्रा ,अशोक छाबड़ा,सूरज ठक्कर, पुनीत चौहान ,राजकुमार विज, संजय भसीन, नीरज जैन, दीपक खेड़ा ,सुधीर मिगलानी ,अनुभव शर्मा, विनीत चौहान ,कुबेर नरुला अशोक नारंग ,यशपाल डावरा, फरजान उल हक, मोहम्मद इकबाल, गुलशन अनेजा,अशोक नारंग ,नीरज जैन ,विशाल बांगा,राजेश तनेजा ,अनिल चोपड़ा ,राजीव मदान आदि रहे ।





