पूरनपुर / पीलीभीत। नशीली दवाओं की बिक्री को लेकर सोशल मीडिया पर सवाल उठने के बाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित कैप्सूल की खेप बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने माधोटांडा निवासी दानिश को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से 43 गत्तों में कुल 5,57,760 नशीले कैप्सूल, एक मोटरसाइकिल और एप्पल कंपनी का मोबाइल बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, बुधवार को मुखबिर की सूचना पर माधोटांडा रोड स्थित मंडी के पास घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा गया।बरामद कैप्सूल स्पास्मो ब्राउन नाम से बताए गए हैं, जिनमें ट्रामाडोल सहित अन्य औषधीय तत्व हैं। मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में आरोपी ने कथित तौर पर बताया कि उसका बड़ा भाई तारिक माधोटांडा में मेडिकल स्टोर संचालित करता है और उसे पूरनपुर नवीन मंडी के सामने स्थित गोदाम से दवाओं का गत्ता लेकर माधोटांडा जाने को कहा गया था। पुलिस ने तारिक को भी मामले में आरोपी बताया है। हालांकि वह अभी फरार है। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। इतनी बड़ी मात्रा में नशीले कैप्सूल की बरामदगी के बाद इनके भंडारण, खरीद-फरोख्त और आपूर्ति से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच की जा रही है। हालांकि एक दिन पूर्व मगलवार को पुलिस ने इस घटना से इंकार किया था और सोशल मीडिया पर चर्चाओं के बाद वुधवार दोपहर एक बजे घटना का खुलासा किया गया है।
पूरनपुर नगर से लेकर देहात तक नशीली दवाओं का खेल बड़े पैमाने पर चल रहा है। चर्चा है कि एक सफ्ताह पूर्व भी बड़ी मात्रा में नशीली दवाएं आई थी। इतने बड़े स्तर पर नशीली दवाओं का कारोबार मेडिकल स्टोर पर संचालित होता रहा। आखिर किसके संरक्षण में चल रहा था इतने बड़े पैमाने पर कारोबार और किस किस मेडिकल स्टोर पर बिक रही है नशीली दवाएं इसकी गहनता से जानकारी व छानबीन हो तो बड़े-बड़े राज खुलकर सामने आएंगे।





