सहारनपुर । उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मण्डल की जनपद इकाई के स्थानीय रेलवे रोड पर आज एक संक्षिप्त बैठक को सम्बोधित करते हुए राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन व मुख्य संरक्षक मेजर एस.के.सूरी ने कहा कि जिस तरह से अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा भारतीय वस्तुओं के निर्यात पर 50 प्रतिशत टैरिफ लगाने का निर्णय केवल एक व्यापारिक नीति नहीं बल्कि यह भारत की आर्थिक ताकत, स्वाभिमान और आत्मर्निभरता को कमजोर करने का एक सुनियोजित प्रयास है।
यह कदम भारत-अमेरिका के दशकों पुराने विश्वास व सहयोग के रिश्तों को ठेस पहुंचाता है और अंतर्राष्ट्रीय व्यापार के नियमों व भावना के पूरी तरह खिलाफ है। श्री टण्डन ने कहा कि भारत सरकार इसको आर्थिक अन्याय व अघोषित आर्थिक युद्ध मानती है। हमारा देश किसी भी व्यापारिक दबाव को सहन नहीं करेगा। यह केवल भारत के निर्यातकों के लिए ही नहीं बल्कि हमारे किसानों, कारीगरों और उद्योगों और करोड़ों मेहनतकश भारतीयों के लिए एक चुनौती है।
श्री टण्डन ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प द्वारा शुरू से ही अपने दूसरे कार्यकाल में अपनी गरिमा के विपरीत बयान व नीतियां घोषित की जा रही है जिसका नुकसान आने वाले समय में अमेरिका के आयातकों व उपभोक्ताओं को भी होगा। उन्होंने आहवान किया कि अब समय आ गया है कि भारतीय बाजार से अमेरिका सामानों का बहिष्कार किया जाये और अमेरिकी ब्रान्डस व उनके सामानों का उपयोग बन्द करें।
अपने स्वदेशी उत्पाद को बढायें जाने के लिए वोकल फार लोकल और मेक इन इंडिया को मजबूत करते हुए हर क्षेत्र में भारतीय उत्पादों को प्राथमिकता दी जाए। श्री टण्डन ने कहा कि यह केवल सरकार की लडाई नहीं है बल्कि 140 करोड़ भारतीयों का सामूहिक उत्तर है। जैसे स्वतंत्रता संग्राम में विदेश वस्त्रों का बहिष्कार हुआ था वैसे ही हमें अमेरिका वस्तुओं का बहिष्कार करना होगा। अब हर भारतीय को नो टू अमेरिका का संदेश देना होगा तभी अमेरिका को अपनी गलती का अहसास होगा।
साथ ही हमें इस बात का भी प्रचार करना होगा कि स्वदेशी अपनाओं अमेरिकी सामान हटाओ- भारत पहले अमेरिका बाद में। साथ जो देश हमारे साथ ही उनका सामान हमारे पास नहीं। उन्होंने कहा कि अमेरिकी उत्पादों में प्रमुख रूप से देशवासियों को व प्रमुख उपभोक्ताओं को कोलाकोला, फैन्टा, थम्पअप, पेप्सी, मैकडान्ल्स, डोमिनो पीजा, बर्गर किंग सबवे, केएफसी, पिजाहट आदि वस्तुओं का बहिष्कार करना होगा। श्री टण्डन ने प्रत्येक भारतीय से अपील की कि वे अपने परिवार, दोस्तों व बच्चों को इन अमेरिकी ब्रांडों से दूर रहने के लिए प्रेरित करने का संकल्प लें।
बैठक में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष शीतल टण्डन, जिला महामंत्री रमेश अरोडा, जिला कोषाध्यक्ष कर्नल संजय मिडढा, मुख्य संरक्षक मेजर एस.के.सूरी, पवन कुमार गोयल, रमेश डावर, राजीव अग्रवाल, संजय महेश्वरी, संदीप सिंघल, अभिषेक भाटिया, अशोक मलिक, मुरली खन्ना, भोपाल सिंह सैनी, संजीव सचदेवा शामिल रहे।







