दैनिक अयोध्या टाइम्स फर्रुखाबाद

संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार 26 नवंबर को पुलिस अधीक्षक फतेहगढ़ श्रीमती आरती सिंह द्वारा क्वार्टर गार्द पर पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक सहित उपस्थित सभी पुलिसकर्मियों ने संविधान के प्रति पूर्ण निष्ठा रखने तथा अपने दायित्वों का निष्पक्षता, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान संविधान की उद्देशिका में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता एवं बंधुता जैसे महत्वपूर्ण मूल्यों पर प्रकाश डाला गया। पुलिसकर्मियों को प्रेरित किया गया कि वे अपने दैनिक कार्यों एवं जनसेवा के दौरान संविधान की मूल भावना को सर्वोपरि रखें तथा प्रत्येक नागरिक के साथ समानता, सम्मान और संवेदनशीलता का व्यवहार करें। साथ ही कानून व्यवस्था बनाए रखने के साथ आमजन को न्याय दिलाने और उनके अधिकारों की रक्षा करने में पूरी निष्ठा से कार्य करने का संदेश दिया गया।संविधान दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने संविधान की महत्ता और लोकतांत्रिक व्यवस्था में इसकी भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार प्रदान करता है और सभी सरकारी संस्थाओं एवं अधिकारियों के लिए कर्तव्य, जवाबदेही तथा मर्यादा का मार्ग निर्धारित करता है। पुलिस विभाग की जिम्मेदारी है कि वह कानून के दायरे में रहकर प्रत्येक व्यक्ति के साथ निष्पक्ष व्यवहार करे, किसी भी प्रकार के भेदभाव से दूर रहे और पीड़ितों को न्याय दिलाने में संवेदनशीलता दिखाए। पुलिसकर्मियों को अपने आचरण, कार्यशैली और जनसंपर्क में संविधान के मूल सिद्धांतों को अपनाने तथा जनता के बीच विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए प्रेरित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान के आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप अपने कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प दोहराया।



