राहुल सिंह राठौर ब्यूरो चीफ़ फर्रुखाबाद
फर्रुखाबाद। जनपद में अवैध शराब के निर्माण, बिक्री एवं परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग द्वारा विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। आबकारी आयुक्त उत्तर प्रदेश के आदेश तथा जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर के निर्देश पर जिला आबकारी अधिकारी जीपी गुप्ता के नेतृत्व में लगातार छापेमारी और जांच अभियान संचालित किया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार को आबकारी निरीक्षक क्षेत्र-1 कुमार गौरव सिंह ने अपनी टीम के साथ संदिग्ध ग्राम नेकपुर चौरासी में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके से 15 लीटर अवैध कच्ची शराब तथा लगभग 90 किलोग्राम लहन बरामद किया गया। आबकारी टीम ने बरामद लहन को मौके पर ही नष्ट करा दिया, जबकि आबकारी अधिनियम की सुसंगत धारा के तहत एक अभियोग पंजीकृत किया गया। टीम ने ग्रामीणों को अवैध शराब का सेवन न करने तथा गांव एवं आसपास संचालित अवैध शराब के अड्डों की जानकारी आबकारी विभाग को देने के लिए जागरूक भी किया।
अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई के साथ ही आबकारी विभाग की टीम ने विभिन्न अनुज्ञापन स्थलों का औचक निरीक्षण भी किया। इस दौरान देशी शराब की दुकान नेकपुर चौरासी तथा मॉडल शॉप आवास विकास की जांच की गई। निरीक्षण में दुकानों के स्टॉक रजिस्टर, ऑनलाइन भुगतान व्यवस्था, पीओएस मशीन से मदिरा की बिक्री तथा सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता का बारीकी से परीक्षण किया गया। इसके अलावा देशी शराब की दुकानों से जुड़ी कैंटीन की भी सघन जांच की गई। संबंधित अनुज्ञापियों को सभी अभिलेख अद्यतन रखने और शासन द्वारा निर्धारित नियमों एवं मानकों का पूरी तरह पालन करने के निर्देश दिए गए। दुकानों पर उपलब्ध मदिरा का स्टॉक अभिलेखों से मिलान किया गया तथा किसी भी प्रकार की अनियमितता मिलने पर कठोर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध मदिरा के निर्माण, बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान आगे भी जारी रहेगा।




