लखनऊ ब्यूरो (डीएटी)। गोमती नदी के जलस्तर में वृद्धि के कारण फैजुल्लागंज में उत्पन्न जलभराव की स्थिति का जायजा लेने जिलाधिकारी विशाख जी. और संयुक्त पुलिस आयुक्त बब्लू कुमार ने नाव से प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
अधिकारियों ने नागरिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और मौके पर ही दवाओं तथा दैनिक जरूरत की चीजों का वितरण कराया।

निरीक्षण के दौरान एडीएम सिटी ईस्ट ने बताया कि प्रभावितों की मदद के लिए तीन बाढ़ राहत शिविर, एक कंट्रोल रूम और मेडिकल कैंप संचालित किए जा रहे हैं। एसडीएम सदर ने बताया कि राहत कार्यों के लिए 24 नावें और गोताखोर तैनात हैं, जिस पर जिलाधिकारी ने 10 और नावें बढ़ाने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं की सूची बनाकर उन्हें प्राथमिकता पर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम को नियमित सफाई, फॉगिंग और एंटी-लार्वा छिड़काव सुनिश्चित करने को कहा। स्थिति पर चौबीसों घंटे निगरानी के लिए एडीएम, एसडीएम और तहसीलदारों की टीमें शिफ्टवार तैनात की गई हैं।





