पीलीभीत /जिलाधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में उ0प्र0 पुलिस भर्ती परीक्षा को सकुशल व निर्विघ्न ढ़ंग से सम्पन्न कराने हेतु नामित स्टैटिक मजिस्ट्रेट, सेक्टर मजिस्ट्रेट, केन्द्र व्यवस्थापक सहित अन्य अधिकारियों के साथ बैठक गांधी सभागार में सम्पन्न हुई। आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-2025 दिनांक 08, 09 एवं 10 जून 2026 को आयोजित की जायेगी।
आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती परीक्षा-ड्रमण्ड राजकीय इण्टर कालेज, राजकीय बालिका इण्टर कालेज, राजकीय पाॅलिटेक्निक कालेज, एसएन इण्टर कालेज, सनातन धर्म बाॅके बिहारी राम इण्टर कालेज व उपाधि महाविद्यालय परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं।
जनपद में 06 परीक्षा केन्द्रों पर दो पालियों में आयोजित की जायेगी। परीक्षा में कुल 13824 परीक्षार्थी प्रतिभाग करेंगे। प्रथम पाली प्रातः 10ः00 बजे से 12ः00 बजे तक एवं द्वितीय पाली अपरान्ह 3ः00 बजे से 05ः00 बजे तक आयोजित की जायेगी।
जिलाधिकारी ने परीक्षा की तैयारियों के सम्बन्ध में आवश्यक दिशा निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी परीक्षार्थी को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े, कोई भी परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में मोबाइल, घड़ी, ए0टी0एम0कार्ड, किसी भी तरह की डिवाइस (विद्युत उपकरण), इत्यादि उपकरण न लेकर जाएं।
उन्होंने कहा कि समस्त केन्द्र व्यवस्थापक आयोग द्वारा जारी दिशा निर्देशों का पालन करते हुये, बैठने की व्यवस्था सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने कहा कि सभी कर्मचारी परीक्षा परिसर में बिना आईडी कार्ड के प्रवेश न करें और परीक्षा के समय आईडी कार्ड लगाना अनिवार्य रहेगा। ड्यूटी पर लगाये गये सभी अधिकारी समय पर परीक्षा केन्द्र पहुंचे। उन्होंने कहा परीक्षा के एक दिन पूर्व परीक्षा केन्द्र का निरीक्षण अवश्य कर लें जो भी कमी हो उसे तुरन्त पूर्ण कराया जाये।
जिलाधिकारी ने कहा यह बहुत ही महत्वपूर्ण परीक्षा है, सभी स्टैटिक मजिस्ट्रेट/सेक्टर मजिस्ट्रेट यह सुनिश्चित कर लें कि परीक्षा की सारी तैयारियां गुणवत्तापूर्ण हों, प्रश्न पत्रों की सील्ड पैक परीक्षा कक्ष में ही सी0सी0टी0वी0 की निगरानी में निर्धारित समय पर खुलवाना सुनिश्चित करेंगे व परीक्षा समाप्त होने के उपरान्त परीक्षा कक्ष में ही सील्ड पैक कराना सुनिश्चित करें। समस्त परीक्षा केंद्र व्यवस्थापक/अधिकारी परीक्षा को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी व सकुशल संपन्न कराए जाने के लिए टीम भावना से कार्य करें।
समस्त परीक्षा केंद्रों पर मूलभूत सुविधाएं सुचारू रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में पुलिस अधीक्षक सुकीर्ति माधव, अपर पुलिस अधीक्षक विक्रम दहिया, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक.)रोशनी यादव, समस्त उप जिलाधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, सीओ सिटी, थानाध्यक्ष सहित विद्यालयों के प्रधानाचार्य व अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।





