बिहार में प्रचंड गर्मी के दौर के बाद मौसम ठंडा पड़ता दिखाई दे रहा है. बिहारवासियों को अगले 5 दिनों तक राहत मिलेगी. बिहार के तापमान में 7 से 8 डिग्री की गिरावट आ चुकी है. शुक्रवार (1 मई) को राज्य के सभी जिले के तापमान में जहां गिरावट रहेगी तो कुछ जिलों में भारी बारिश की भी चेतावनी दी गई है. मौसम विभाग ने शुक्रवार को उत्तर पूर्वी भाग को छोड़कर अन्य सभी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं पूर्णिया, कटिहार और किशनगंज में 50 से 60 किलोमीटर की तेज हवा चलने के साथ में गर्जन और भारी वर्षा की चेतावनी दी गई है. इसके अलावा मधेपुरा सहरसा सुपौल अररिया में भी तेज हवा और बारिश को लेकर ऑरेंज लाइट जारी किया गया है. अन्य जिलों में भी खासकर उत्तर बिहार में हल्की या मध्यम स्तर की बारिश, बिजली चमकने और तेज हवा 40 से 50 किलोमीटर चलने का पूर्वानुमान है. मौसम विभाग ने दी यह जानकारीमौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार पटना सहित राज्य के ज्यादातर भागों में तेज हवा के साथ बारिश का पूर्वानुमान है. सभी जिलों मे वातावरण में नमी का स्तर 47% है. वहीं वायुमंडलीय दबाव 1008 के स्तर पर है. बुधवार कि शाम से आंधी-बारिश के बाद गुरुवार को पटना सहित दक्षिण बिहार के जिलों के अधिकतम तापमान में भारी कमी आई है.पटना में 6.8 डिग्री की गिरावट के साथ अधिकतम तापमान 29.7 डिग्री और न्यूनतम 19.7 डिग्री रहा. हमेशा 40 डिग्री से पर रहने वाले दक्षिण-पश्चिम के तापमान में 7 से 8 डिग्री गिरावट आई है. गुरुवार को सबसे अधिक तापमान भभुआ में 33.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि अधिकांश जिलों में 28 से 30 डिग्री के बीच तापमान दर्ज किया गया.बिहार के इन जिलों में हुई जमकर बारिशपटना में कुल 25.1 मिमी बारिश दर्ज हुई. जबकि सबसे अधिक पूर्णिया में 87.7 मिमी और सुपौल के परपतगंज में 72.6 मिलीमीटर के साथ भारी बारिश हुई. इसके अलावा,मधुबनी के लखनपुर में 58 मिमी, मधेपुरा में 57.2,पूर्वी चंपारण में 56, बक्सर में 54.4, अररिया के सिकटी में 52.2, शिवहर में 45.4, भभुआ में 44 और दरभंगा में 43 मिली मीटर बारिश दर्ज की गई.आंधी बारिश से पूरे बिहार के किसानों को सबसे ज्यादा परेशानी हुई है. इसका सब्जियों की खेती पर भी असर पड़ा है. खासकर आम और लीची को ज्यादा नुकसान हुए हैं. इसके अलावा मक्का एवं खड़ी फसल गिर चुकी है. जिससे किसानों को काफी नुकसान हुआ है. कृषि विभाग ने जिलों के अधिकारियों से राज्य भर में हुई आंधी-बारिश से फसल, फल-सब्जी के नुकसान की रिपोर्ट मांगी है.






