अमान खान ब्यूरो चीफ सोनभद्र — बेसिक शिक्षा विभाग के नवाचारी शिक्षक एवं समाजसेवी डॉ. बृजेश कुमार सिंह ‘महादेव’ का चयन ग्लोबल डायमंड आइकॉन अवॉर्ड 2026 के लिए हुआ है। भव्य फाउंडेशन, जयपुर द्वारा 5 अप्रैल को आयोजित समारोह में उन्हें शिक्षा, साहित्य और समाजसेवा में दीर्घकालीन योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा। डॉ. महादेव वर्तमान में पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय पल्हारी (नगवां) में सहायक अध्यापक व ब्लॉक स्काउट मास्टर हैं। उन्हें इससे पूर्व एशियन एजुकेशन अवॉर्ड, नेशनल बिल्डर्स अवॉर्ड और राज्य आईसीटी अवॉर्ड मिल चुके हैं। एक दर्जन से अधिक विद्यालय-पुस्तकालयों की स्थापना और पुस्तकों के लेखन में उनकी भूमिका उल्लेखनीय है। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ के वरिष्ठ जिलाउपाध्यक्ष डॉ. महादेव को जिले के शिक्षकों और समाजसेवियों ने बधाई दी है।






