सोनभद्र (अमान खान ब्यूरो चीफ): नगवां विकास खंड के पीएम श्री कंपोजिट विद्यालय पल्हारी में भारत स्काउट और गाइड उत्तर प्रदेश के तत्वावधान में ‘महात्मा बुद्ध कब पैक’ के अंतर्गत एक दिवसीय क्रियात्मक कैंप का भव्य आयोजन किया गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पांडेय के संरक्षण में आयोजित इस कैंप में प्राथमिक संवर्ग के बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
मनोरंजन के साथ मिला ज्ञान का पाठ
कैंप का संचालन ब्लॉक स्काउट मास्टर डॉ. बृजेश कुमार सिंह ‘महादेव’ (HWB) द्वारा किया गया। उन्होंने बच्चों को कब-बुलबुल के नियम, प्रतिज्ञा और झंडा गीत के साथ-साथ रस्सी की गांठें लगाना, सैल्यूट करना और प्राथमिक चिकित्सा (First Aid) जैसी महत्वपूर्ण जीवन रक्षक तकनीकें सिखाईं। डॉ. महादेव ने बताया कि कब-बुलबुल संगठन का मुख्य उद्देश्य 5 से 10 वर्ष तक के बच्चों का शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास करना है।
नवाचारों का केंद्र बना पल्हारी विद्यालय
कार्यक्रम के दौरान डॉ. बृजेश महादेव के प्रदेश स्तरीय नवाचारों की भी सराहना की गई। उनके द्वारा संचालित स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, आईसीटी लैब और ‘पूर्व छात्र सम्मेलन’ जैसे प्रयास पूरे उत्तर प्रदेश में अनुकरणीय माने जा रहे हैं। विद्यालय में महात्मा बुद्ध कब पैक के माध्यम से बच्चों को अनुशासन और स्वावलंबन की शिक्षा दी जा रही है।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस अवसर पर प्रधानाध्यापक जय प्रसाद चौरसिया, ज्ञानेश, प्रदीप, पवन, रमेश, दीपक, शिवशंकर, उर्मिला, ममता एवं बीडीसी विंदू प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। कैंप में अशोक सिंह, आदर्श, बीकेश, रमाकान्त, अंजना, खुशबू, चन्दा सहित भारी संख्या में छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।







